खंडवा में पिता की डांट-पिटाई से नाराज 15 वर्षीय किशोर घर छोड़कर निकला, गोवा में करना चाहता था मुर्गे काटने का काम
पिता की डांट और पिटाई से नाराज होकर हरियाणा के यमुनानगर निवासी 15 वर्षीय किशोर घर छोड़कर गोवा जाने के लिए निकल पड़ा। वह गोवा में मुर्गे काटने का काम क...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 14 Oct 2026 02:12:30 PM (IST)Updated Date: Wed, 14 Oct 2026 02:12:30 PM (IST)
घर छोड़कर निकला किशोर। -एआई इमेजHighLights
- 15 वर्षीय किशोर घर छोड़कर गोवा जाने के लिए निकल पड़ा
- वह गोवा में मुर्गे काटने का काम करना चाहता था
- जीआरपी खंडवा ने किशोर को 12618 मंगला एक्सप्रेस से उतारा
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : पिता की डांट और पिटाई से नाराज होकर हरियाणा के यमुनानगर निवासी 15 वर्षीय किशोर घर छोड़कर गोवा जाने के लिए निकल पड़ा। वह गोवा में मुर्गे काटने का काम करना चाहता था। पिता की सूचना पर जीआरपी खंडवा ने किशोर को 12618 मंगला एक्सप्रेस से उतारा और बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।
वह काम की तलाश में गोवा जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था
जानकारी के अनुसार, किशोर के पिता यमुनानगर में दवाई की दुकान चलाते हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। पिता की डांट-पिटाई से आहत होकर किशोर घर से निकल गया। वह काम की तलाश में गोवा जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था।
पता चला कि किशोर घर से गोवा जाने के लिए ट्रेन में सवार हो गया है
इसी दौरान किशोर के घर से जाने का पता चलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने किशोर की तलाश शुरू की। इस बीच पता चला कि किशोर घर से गोवा जाने के लिए ट्रेन में सवार हो गया है। इस पर पिता ने उसके घर से निकलने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर जीआरपी खंडवा ने कार्रवाई करते हुए किशोर को मंगला एक्सप्रेस से उतारकर सुरक्षित संरक्षण में लिया। पुलिस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि पिता चाहते थे कि किशोर घर की दुकान में हाथ बंटाए, लेकिन किशोर का दुकान के काम में मन नहीं लगता था।
काउंसलिंग के बाद होगा निर्णय
बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बताया कि किशोर की काउंसलिंग की जाएगी। इसके माध्यम से घर छोड़ने के कारणों और पारिवारिक परिस्थितियों को समझा जाएगा। काउंसलिंग के बाद किशोर के हित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।