
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। जिले के मूंदी रोड क्षेत्र में रविवार रात तेंदुए की मौजूदगी की सुगबुगाहट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीण रातभर इलाके में तेंदुए की तलाश करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह उसी क्षेत्र के आसपास एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही रामेश्वर चौकी पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार मुंदी रोड स्थित एक वेयरहाउस के पास युवक का शव पड़ा मिला। शव देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे रामेश्वर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े ने बताया कि शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि उसका एक पैर किसी जंगली जानवर द्वारा खाया गया है। किस जानवर ने शव को क्षत-विक्षत किया, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है। इधर, क्षेत्र में तेंदुए की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। खंडवा रेंजर एसएस चौहान ने बताया कि मौके से पगमार्क लिए गए हैं, लेकिन ये तेंदुए के नहीं हैं। जमीन पर मिले नाखूनों के निशानों के आधार पर प्राथमिक तौर पर लकड़बग्घे की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि रविवार रात ग्रामीणों ने इलाके में तेंदुए की मौजूदगी देखने का दावा किया था। इसके बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया था और लोग समूह बनाकर तलाश में जुटे थे। हालांकि सुबह जिस दिशा में तेंदुए की तलाश की जा रही थी, उसके विपरीत दिशा में युवक का शव मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव धूप में पड़े रहने के कारण काला पड़ता दिखाई दे रहा था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि वह काफी समय से वहीं पड़ा था। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।