
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में प्रोटोकॉल दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। 11 श्रद्धालुओं से 13,200 रुपये वसूलने की शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर सुरक्षा गार्ड संजय मोरे और स्थानीय फोटोग्राफर सचिन अग्रवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर दो पुलिस आरक्षक अमन और धर्मेंद्र गुर्जर को लाइन अटैच कर दिया गया है।
13,200 रुपये वसूले जाने की शिकायत
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले गुजरात से आए श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शन कराने के नाम पर 13,200 रुपये वसूले जाने की शिकायत की थी। कलेक्टर के निर्देश पर दर्शन व्यवस्था प्रभारी डिप्टी कलेक्टर मुकेश काशिव ने मामले की जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई।
आरक्षकों ने श्रद्धालुओं से रुपये नहीं लेने का वीडियो बनवाया
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बाद में संबंधित आरक्षकों ने श्रद्धालुओं से रुपये नहीं लेने का वीडियो बनवाकर उसे प्रसारित कराने का प्रयास किया, लेकिन जांच में तथ्य सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मांधाता थाने के दो आरक्षकों की मिलीभगत सामने आई है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर दोनों को लाइन अटैच कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
सभी कर्मचारियों का होगा चरित्र सत्यापन
मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिर में तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों का दो दिन के भीतर चरित्र सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार की ठगी या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऐसे मामलों में प्रशासन कार्रवाई कर चुका है
उल्लेखनीय है कि यह पहला अवसर नहीं है, जब ओंकारेश्वर मंदिर की प्रोटोकॉल दर्शन व्यवस्था विवादों में आई हो। इससे पहले भी ऐसे मामलों में प्रशासन कार्रवाई कर चुका है।
यह भी पढ़ें- भोपाल-बैरसिया के चोरों ने सीहोर में डाला था डाका, कोतवाली पुलिस ने दबोचा; सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल जब्त