
सुमित मंडलोई, खंडवा। गर्मी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं को देखते हुए शासन द्वारा जिले में जल निगम के तहत तीन वर्षों से निर्माणाधीन प्रोजेक्ट इंदिरा सागर-1 समूह जलप्रदाय योजना में दूसरी बार शासन ने मेहरबान होते हुए दस माह की अवधि बढ़ा दी है। इससे पहले एक वर्ष की समयावधि भी बढ़ा दी गई थी। कारण योजना का कार्य अभी भी पूर्ण नहीं होना सामने आया है।
इस कारण जिले के 378 गांवों को नर्मदा जल का इंतजार करना पड़ेगा। योजना के तहत अभी भी 82 प्रतिशत का कार्य ही पूर्ण हो सका है। अब विभाग 26 जनवरी तक पुनासा के चिह्नित 80 गांवों तक पानी पहुंचाने के प्लान की बात कर रहा है। इसके बाद धीरे-धीरे कार्य की प्रगति के अनुसार आगे खंडवा और छैगांव माखन में पानी उपलब्ध हो सकेगा।
बहरहाल इस बार भी गर्मी तक योजना के मूल उद्देश्य की पूर्ति की उम्मीद नजर नहीं आ रही है और ग्रामीणों को पेयजल के लिए स्थानीय स्रोतों पर ही निर्भर रहना पड़ सकता है। 782.12 करोड़ रुपये की प्रशासकीय लागत के हिसाब से कार्य वर्ष 2023 में स्वीकृत हुआ। इसके बाद 703.94 करोड़ रुपये की अनुबंधित लागत से कार्य शुरू किया गया। इसे पूर्ण करने की निर्धारित दिनांक सितंबर 2025 थी। कार्य पूर्ण नहीं होने के चलते अब सितंबर 2026 संभावित लक्ष्य रखा गया और इसके बाद कार्य को पूर्ण करने के लिए समयावधि बढ़ाकर जुलाई 2027 कर दी है।
योजना के तहत छह माह में मात्र सात प्रतिशत कार्य ही हो सका है। मई 2026 तक 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका था, इसके बाद अभी तक 82 प्रतिशत कार्य हो सका है। विभाग के अनुसार पुनासा के चांदेल में इंटेकवेल का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। यहां तक कि इंटेकवेल पंप भी लग चुके हैं।
इधर, ग्राम गोंदखेड़ा में एमबीआर का कार्य भी प्रगतिरत है और टीम कार्य कर रही है। यह कार्य वन विभाग की अनुमति में देरी के चलते लंबित पड़ा था। कुल 1750 किलोमीटर की पाइपलाइन बिछाने के कार्य में भी लगभग पूर्णता बताई जा रही है। कहीं-कहीं शेष होने से उस पर भी कार्य किया जा रहा है।
योजना के तहत कुल 378 में से 256 गांवों को बल्क श्रेणी में रखा गया है। यहां पीएचई विभाग की टंकियों का निर्माण पहले से है तो पानी को उन टंकियों तक पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाकर जोड़ने का कार्य हो रहा है। इसके साथ ही जिले के 122 गांव समूह जलप्रदाय (एमवीएस) की श्रेणी में रखे हैं। इसे लेकर 90 गांवों में पेयजल टंकियों का निर्माण भी किया जा रहा है।
खास बात यह है कि इसमें अभी तक 56 टंकियों का कार्य पूर्ण हुआ है और 34 अभी भी अधूरी पड़ी हुई हैं। टंकियों का कार्य भी अधूरा होने से योजना का लाभ जल्द मिलना संभव नहीं है। इसे लेकर विभाग का कहना है कि कार्य करने वाले मजदूर बिहार के हैं और अवकाश पर जाने से कार्य में देरी हुई है।
यह भी पढ़ें- खंडवा के पुनासा में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम से विवाद, तीन BJP नेताओं पर केस दर्ज
योजना को लेकर 26 जनवरी से पुनासा के चिह्नित 80 गांवों में पानी देने का प्लान बनाया गया है। इसके बाद कार्य की प्रगति के आधार पर धीरे-धीरे खंडवा और छैगांव माखन पानी को पुश किया जाएगा। अभी 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और इसकी डेडलाइन बढ़ाकर जुलाई 2027 कर दी गई है। अधूरे सभी कार्यों पर टीम लगी हुई है और इस बार तय समयावधि तक पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा।