खंडवा में बस स्टैंड की छत पर चढ़े युवक ने किया हंगामा, पत्थर फेंककर कांच फोड़े; यात्रियों में मची अफरा-तफरी
खंडवा के माखनलाल चतुर्वेदी बस स्टैंड पर सोमवार सुबह एक युवक के हंगामे से अफरा-तफरी मच गई।
Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 12:32:45 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Jul 2026 12:35:50 PM (IST)
बस स्टैंड की छत से पत्थर फेंकता युवक।HighLights
- युवक बस स्टैंड की छत पर चढ़ गया
- वहां से पत्थर फेंककर कांच तोड़ दिए
- यात्रियों और राहगीरों में दहशत फैली
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा शहर के माखनलाल चतुर्वेदी बस स्टैंड पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बस स्टैंड की छत पर चढ़ गया। युवक ने छत पर चढ़कर हंगामा किया और परिसर के कांच तोड़ दिए।
इससे ऊपर से कांच के टुकड़े और पत्थर नीचे गिरने लगे, जिससे बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक बस स्टैंड परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।