
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पोखर में पुलिस ने कपास की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती का मामला पकड़ा है। पुलिस ने खेत से गांजे के 88 हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 102.25 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने खेत मालिक मोहन पिता गुलाबसिंह सिसोदिया (58) निवासी ग्राम पोखर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, खलटाका चौकी पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोखर निवासी मोहन सिसोदिया अपने कपास के खेत में गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में खेत की तलाशी ली। इस दौरान कपास की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के हरे पौधे मिले। पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त किया गया।
पुलिस ने जब्त पौधों की पहचान और वजन के लिए उन्हें छह श्रेणियों में अलग किया। इनमें ए श्रेणी के पौधों का वजन 29.750 किलो, बी का 23.400 किलो, सी का 15.650 किलो, डी का 26.550 किलो, ई का 6.900 किलो और एफ श्रेणी के पौधों का वजन 4.150 किलो पाया गया। इस तरह कुल 102.250 किलो गांजा जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें- धार के 7 थाना क्षेत्रों में ₹8.20 करोड़ के गांजे के 6863 पौधे जब्त, 12 मामले दर्ज, एक गिरफ्तार; कई फरार
कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से वजन कर पंचनामा बनाया गया। पुलिस ने गांजे के पौधों के साथ नमूने और अन्य आवश्यक साक्ष्य भी एकत्रित किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।
कार्रवाई में खलटका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान, प्रधान आरक्षक रामेश्वर पांडे सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई की।