
नईदुनिया न्यूज, बड़वाह (खरगोन) : समीपस्थ ग्राम बठोली में रविवार सुबह घर के आंगन में खेल रहे आठ वर्षीय बालक लक्ष्य पिता भोला खेड़ेकर को तेज रफ्तार दूध के टेंपो ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बालक को स्वजन शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल में ग्रामीणों व स्वजनों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों व मृतक के दादा दिनेश खेड़ेकर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे बच्चे घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान गली से गुजरे दूध सप्लायर के टेंपो चालक ने कानों में इयरफोन लगा रखे थे और उसका पूरा ध्यान मोबाइल फोन पर था।
बेपरवाही से वाहन दौड़ाते हुए उसने बालक पर गाड़ी चढ़ा दी। लहूलुहान अवस्था में परिजन बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम लक्ष्य चौथी कक्षा का छात्र था। हादसे की खबर मिलते ही माता दीपा, पिता भोला व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अस्पताल में रोते हुए दादी गिरजाबाई ने बताया कि दोनों पोतों ने घर में साथ बैठकर दाल-बाटी खाई थी और खेलने के लिए आंगन में गए थे। इयरफोन लगाकर बात करने के चक्कर में चालक ने मासूम की जान ले ली। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपी चालक पर गैर-इरादतन हत्या व लापरवाही का मामला दर्ज कर उसे शीघ्र गिरफ्तार करने व सख्त सजा देने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन ने बताया कि मौके से दुर्घटनाकारित टेंपो को जब्त कर लिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में दर्दनाक हादसा: पिता और बहन के सामने तेज बहाव में बह गया मासूम, पैर धोते समय फिसला