
नईदुनिया न्यूज, भीकनगांव (खरगोन) : थाना क्षेत्र के ग्राम बैडछा के एक खेत में पुलिस ने कपास व मिर्ची के पौधों गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया है। कार्रवाई में पुलिस ने खेत से गांजे के कुल 82 हरे पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 204.88 किलो बताया गया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि कुल 204.88 किलोग्राम वजनी पौधे जब्त कर आरोपी सिकदार सोलंकी (45) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक अन्य साथी पुलिस को देखकर फरार हो गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैडछा में दो व्यक्ति अपने कपास और मिर्ची के खेतों में बड़ी संख्या में गांजे के पौधे उगा रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने बताए गए खेतों में दबिश दी।
खेत में तलाशी के दौरान कपास और मिर्ची के पौधों के बीच गांजे के छोटे-बड़े हरे पौधे लगे मिले। मौके पर दो व्यक्ति भी मौजूद थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया। टीम ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा कपास की फसल की आड़ लेकर फरार हो गया।
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम सिकदार पिता झबरसिंह सोलंकी निवासी ग्राम बैडछा बताया। पुलिस ने आरोपित सिकदार सोलंकी और फरार आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई में एसडीओपी केतन अडलक के मार्गदर्शन व थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम शामिल रही।
यह भी पढ़ें- धार के 7 थाना क्षेत्रों में ₹8.20 करोड़ के गांजे के 6863 पौधे जब्त, 12 मामले दर्ज, एक गिरफ्तार; कई फरार