
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिला जेल से 20 साल की सजा काट रहा 23 वर्षीय कैदी फरार हो गया। जेल में बंदियों की गिनती के दौरान एक बंदी कम मिलने पर जेल प्रशासन को इसकी जानकारी हुई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि कैदी शौचालय की छत पर चढ़कर वहां से कूदते हुए जेल की बाहरी दीवार फांदकर भाग निकला। जानकारी अनुसार कैदी को 10 दिन पहले ही न्यायालय से सजा हुई थी। जेल अधीक्षक की शिकायत पर मेनगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल अधीक्षक की ओर से मेनगांव थाना प्रभारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, फरार कैदी की पहचान अरुण (23) पिता गणेश धुर्वे, निवासी इंदिरा नगर खरगोन के रूप में हुई है। उसे विशेष प्रकरण में खरगोन के षष्ठम अपर सत्र न्यायाधीश ने गत सात अक्टूबर को 20 साल के कारावास की सजा सुनाई थी। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 344 और 366 व पॉक्सो एक्ट की धारा-6 से संबंधित था।
शुक्रवार शाम बंदी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात प्रहरी ने गिनती के दौरान एक कैदी कम होने की सूचना दी। इसके बाद जेल स्टाफ ने परिसर के अंदर और बाहर तलाश की व सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के अनुसार शाम करीब 6.14 बजे अरुण वार्ड के शौचालय पर चढ़ा और वहां से कूदकर जेल गेट के पश्चिम में स्थित बाहरी दीवार फांदकर फरार हो गया।
केन्द्रीय जेल बड़वानी की अधीक्षक शैफाली तिवारी ने शनिवार को खरगोन जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन ने कैदी के फरार होने की सूचना पुलिस को देते हुए एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कैदी की तलाश में विभिन्न टीमें भेजी हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी के 72 गांवों में गहराया जल संकट, 500 से ज्यादा हैंडपंप बंद, 7 नल-जल योजनाएं ठप; कम बारिश से बिगड़े हालात