
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन : भीकनगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जेतगढ़ में गणेश पंडाल में गरबा नृत्य के दौरान दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष के लोगों ने अचानक गणेश पंडाल परिसर में पहुंचकर दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला बोल दिया।
इस अचानक हुए हमले व पथराव से पंडाल परिसर में भगदड़ मच गई। वहां खड़े दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने होकर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे लहराते व पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं।
भीकनगांव पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात्रि हुई इस घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर पारस्परिक आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी रेमसिंह पिता गुलाब मुजाल्दे की रिपोर्ट पर आरोपित प्रेम बड़ोले, कैलाश जमरे, सजन जमरे व राहुल जमरे के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस पक्ष से रेमसिंह व दीपक मुजाल्दे घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के फरियादी राहुल जमरे की रिपोर्ट पर आरोपित सरपंच पति गुड़िया, रेमसिंह, दीपक, रामू व सुभान के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। इस पक्ष से सजन, कैलाश, प्रेम, संतोष व रितेश घायल हुए हैं।
घटना में गंभीर रूप से घायल सजन जमरे व कैलाश जमरे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय खरगोन रेफर किया गया है। पुलिस ने उपद्रव व मारपीट में शामिल तीन मुख्य आरोपितों गुड़िया सरपंच, प्रेम बड़ोले व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा बहुप्रसारित वीडियो के आधार पर विवाद में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। वर्तमान में गांव में शांति व्यवस्था कायम है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें- शराब के नशे में गणेश पंडाल में बैठने से मना करन पर जानलेवा हमला