
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिले में विद्युत ट्रांसफार्मरों से लगातार आयल चोरी कर ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बलकवाड़ा थाना पुलिस की खलटाका चौकी टीम ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1860 लीटर ट्रांसफार्मर आयल सहित तीन कार जब्त की है। आरोपितों ने पूछताछ में खरगोन, बड़वानी और धार जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों से आयल चोरी करना कबूल किया है।
पुलिस के अनुसार पिछले करीब एक माह से बलकवाड़ा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में विद्युत ट्रांसफार्मर बंद होने की शिकायतें मिल रही थीं। विद्युत विभाग की जांच में कई ट्रांसफार्मरों के निचले हिस्से में कट लगे मिले और उनमें भरा आयल गायब था। इसके बाद बलकवाड़ा थाने में चोरी के पांच मामले दर्ज किए गए। इनमें करीब 1860 लीटर ट्रांसफार्मर आयल चोरी होना सामने आया।
लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थलों और वहां आने-जाने वाले संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस को ग्राम रुपखेड़ा निवासी करण डावर के गिरोह में शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने करण को हिरासत में लेकर न्यायालय से रिमांड लिया।
पूछताछ में उसने पप्पू, बबलू और अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर से आयल चोरी करने की बात कबूल की। चोरी का आयल धरमपुरी निवासी शाहवाज उर्फ राजा को बेचने की जानकारी भी सामने आई। करण की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी पप्पू, बबलू और शाहवाज उर्फ राजा को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1860 लीटर ट्रांसफार्मर आयल सहित तीन कार जब्त की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल आरी पत्ता, साइकिल का ट्यूब और झब्बी भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने पूछताछ में जिले के खलटाका-बलकवाड़ा, कसरावद, मेनगांव और सेगांव, बड़वानी जिले के जुलवानिया व ठीकरी और धार जिले के धामनोद व धरमपुरी थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों से आयल चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में करण (22) पिता सुरला डावर निवासी रुपखेड़ा थाना ठीकरी, पप्पू (30) पिता बद्री कवचे निवासी कुंडिया थाना ठीकरी, बबलू (20) पिता करण चौहान निवासी कुंडिया थाना ठीकरी और शाहवाज उर्फ राजा (25) पिता रईस खान निवासी धरमपुरी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपित पप्पू के खिलाफ बलकवाड़ा थाने में पहले से अपहरण, दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। कार्रवाई में मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला, बलकवाड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक सागर चौहान और खलटाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मिथुन चौहान के नेतृत्व में की गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष सहित स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने पुलिस टीम का सम्मान भी किया।