
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती सोमवार को उज्जैन प्रवास पर पहुंचीं। यहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया और इसके बाद मीडियाकर्मियों से संक्षिप्त चर्चा की। सिंहस्थ की तैयारियों पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक की तैयारियां बहुत अच्छी नहीं लग रही हैं, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह अच्छा निर्णय रहा कि सरकार ने इसके लिए लैंड पूलिंग नहीं की।
युवा पीढ़ी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 'जेन जी' (Gen Z) नौजवानों का एक उफान है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद अपमान झेलकर भी उनकी भावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने आगे एक तीखा उदाहरण देते हुए कहा कि कॉकरोच हमेशा गंदगी में ही पनपते हैं, यदि सिस्टम की गंदगी को पूरी तरह खत्म कर दिया जाए तो कॉकरोच अपने आप ही समाप्त हो जाएंगे।
सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों पर उमा भारती ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए जन सहयोग की अत्यधिक आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शराब का सेवन न करें।
साथ ही जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सांसद, विधायक, पंचायत और नगर निगम के जिम्मेदार लोग इस दिशा में क्या कर रहे हैं? उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. मोहन यादव की सरकार इस मामले में सख्त कदम उठाएगी।