
विवेक पाराशर, नईदुनिया, खरगोन। मध्य प्रदेश के निमाड़ के जिलों में हाल के दिनों में महसूस किए गए भूकंप के झटकों ने नर्मदा पट्टी में भविष्य में संभावित भूगर्भीय खतरे आशंकाओं उत्पन्न कर दी हैं। इन आशंकाओं को नर्मदा की भूगर्भीय हलचल को समझने के लिए राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (सीएसआइआर), हैदराबाद के विज्ञानियों के हालिया शोध ने भी बल दिया है।
यह खतरा इसलिए चिंता उत्पन्न करने वाला है, क्योंकि नर्मदा घाटी में सरदार सरोवर के बैकवाटर और इंदिरा सागर व ओंकारेश्वर जैसे बड़े बांध हैं। परिणामस्वरूप, बांधों की भूकंपरोधी क्षमता, नियमित तकनीकी जांच और आसपास की बस्तियों में भवन सुरक्षा का आकलन महत्वपूर्ण हो जाता है।
बता दें कि गत 14 नवंबर को खरगोन जिले में 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। खंडवा, धार, बड़वानी और आसपास के क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए गए। इससे पहले 18 अक्टूबर को खरगोन में 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था। यानी एक महीने से भी कम समय में दूसरी बार धरती कांपी।
इस संदर्भ में सीएसआईआर के विज्ञानियों द्वारा किया गया शोध महत्वपूर्ण हो रहा है। जुलाई 2026 में प्रकाशित इस शोध में वर्ष 1800 से 2025 तक के भूकंपों का अध्ययन कर भारतीय भूभाग को सात प्रमुख भूकंपीय क्षेत्रों में बांटा गया है। इनमें मध्य भारत का सेंट्रल इंडियन टेक्टोनिक जोन (सीआइटीजेड) निमाड़ के लिहाज से महत्वपूर्ण है। यह उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम दिशा में एक हजार किलोमीटर से अधिक लंबा भूगर्भीय क्षेत्र है।
इसकी उत्तरी सीमा नर्मदा-सोन लिनियामेंट और दक्षिणी सीमा सेंट्रल इंडियन स्यूचर से तय होती है। नर्मदा और तापी की रिफ्ट संरचनाएं इसी क्षेत्र का हिस्सा हैं। यह धरती के भीतर फैली पुरानी भूगर्भीय दरारों और चट्टानों की हलचल से बनी संरचनाओं का विस्तृत क्षेत्र है।
यह भी पढ़ें- MP के खरगोन, खंडवा और बड़वानी जिले में महसूस हुए भूकंप के झटके, 4.1 मापी गई तीव्रता
शोध के अनुसार, नर्मदा रिफ्ट क्षेत्र में करीब 70 वर्षों के दौरान 5.4 या इससे अधिक तीव्रता के पांच भूकंप दर्ज हुए। विज्ञानियों के अनुसार, भारतीय और यूरेशियन प्लेटों के टकराव से पैदा होने वाला दबाव देश के भीतरी हिस्सों तक पहुंचता है। यह दबाव पहले से कमजोर भूगर्भीय संरचनाओं में तनाव बढ़ा सकता है। ऐसे में, धरती के भीतर मौजूद पुराने भ्रंश यानी चट्टानों में दरार और खिसकाव वाले हिस्से समय के साथ दोबारा सक्रिय हो सकते हैं।
मध्य भारत को अपेक्षाकृत स्थिर भूभाग माना जाता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि यहां भूकंप का खतरा नहीं है। अत: निरंतर निगरानी और अनुसंधान के साथ भवनों व अन्य संरचनाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।- विवेक तिवारी, असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एसजीएसआइटीएस), इंदौर।