
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन : शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे नागरिक परेशान हैं। कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके हमलावर होने की घटनाओं पर गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनूठा विरोध दर्ज कराया।
कार्यकर्ता एक कुत्ते के पिल्ले को लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। यहां सीएमओ कमला कौल के कक्ष में पहुंचकर उन्हें पिल्ला सौंपा और शहर में आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाने की मांग की। साथ ही स्कूलों, अस्पतालों, बाजारों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखकर आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ये कुत्ते झुंड बनाकर राहगीरों, बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालको को निशाना बना रहे हैं, जिससे आए दिन हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इन हमलों में घायल हो चुके हैं।
युवा कांग्रेस का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे स्थिति और बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को इस समस्या का स्थायी समाधान खोजना चाहिए, जिसमें कुत्तों की नसबंदी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना शामिल हो।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो बड़ा आंदोलन करेंगे। सीएमओ ने कार्यकर्ताओं की मांगों को सुना और उन्होंने कुत्ते के पिल्ले को स्वीकार करते हुए कहा कि वह डाग लवर है। इस कुत्ते को सुरक्षित स्थान पर पालन की व्यवस्था करेंगी। मुक प्राणियों की सुरक्षा और देख-रेख हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें- आवारा कुत्तों के आतंक पर हाई कोर्ट सख्त, मध्य प्रदेश सरकार के उठाए कदमों की होगी समीक्षा