
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। कृषि विभाग ने 2026 के लिए खरीफ फसलों की बुवाई का लक्ष्य जारी कर दिया है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार मक्का की बुवाई का लक्ष्य घटा दिया गया है, जबकि सोयाबीन फसलों का लक्ष्य बढ़ा दिया गया है। इस बार अरहर दाल को भी बढ़ावा देने की योजना बनाई है।
कृषि विभाग के अनुसार इस वर्ष 3 लाख 92 हजार 765 हेक्टेयर रकबे में बुआई का अनुमान है, जबकि गत वर्ष 2 लाख 92 हजार 98 हेक्टेयर में बुआई की गई थी। कृषि विभाग के अनुमान के मुताबिक मक्का की खेती से किसानों का मोहभंग होता दिख रहा है और वे वापस सोयाबीन की खेती की ओर लौट सकते हैं, खासकर खरीफ 2026 के सीजन में। यह रुझान मुख्य रूप से मक्का के गिरते दामों और सोयाबीन के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी के कारण देखने को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले में आज से 6 से साल पहले यह स्थिति थी कि खरीफ सीजन में किसान सबसे ज्यादा किसान सोयाबीन की फसल करते थे, इसे निमाड़ में पीला सोने के नाम से पहचान मिली थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई है। सोयाबीन की तुलना में दूसरी फसलें किसानों को अधिक मुनाफा देने लगी थी।
इसीलिए जिले के अधिकांश किसान कपास और मक्का की खेती करने लगे हैं। किसानों की मानें तो सोयाबीन पर अतिवृष्टि व कीट का प्रकोप अधिक होता है, इस कारण भी सोयाबीन का रकबा हर साल घटता जा रहा है। केवल सोयाबीन ही नहीं, बल्कि ज्वार, बाजरा और तिल्ली जैसी फसलें भी खेतों में कम दिखाई दे रही है।
इधर व्यापारी खाद-बीज की दुकानें सजाकर बैठे हैं तो किसान भी अपने खेतों की तैयार कर चुके है, ताकि समय पर बोवनी आरंभ हो जाए। अब किसानों को मानसून आने का इंतजार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि जिले में मानूसन 20 जून के बाद आएगा। किसान इस बात का ध्यान रखें कि 100 मिमी या 4 इंच बारिश होने पर ही बुवाई करें।
कृषि विभाग से मिली जानकारी अनुसार कपास बुआई का लक्ष्य 2 लाख 9 हजार 800 हेक्टेयर प्रस्तावित है, जो गत वर्ष 2 लाख 9 हजार 774 हेक्टेयर था। मक्का का रकबा 75 हजार हेक्टेयर प्रस्तावित है, जबकि गत वर्ष यह रकबा 88 हजार 77 हेक्टेयर था, जो करीब 13 हजार 77 हेक्टेयर घटा है। इसी तरह सोयाबीन का रकबा 98 हजार 300 हेक्टेयर प्रस्तावित है, जो गत वर्ष 89 हजार 987 हेक्टेयर था।
गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष करीब साढे 8 हजार हेक्टेयर की बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। ज्वार का लक्ष्य गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 800 हेक्टेयर प्रस्तावित किया गया है। अरहर फसल को करीब 5500 हेक्टेयर रकबे में बढ़ावा देने की योजना है। गत वर्ष अरहर बुआई का लक्ष्य 2597 हेक्टेयर रखा गया था, जो बढ़ाकर 8 हजार हेक्टेयर कर दिया है।
मूंग का रकबा गत वर्ष 366 हेक्टेयर था, इसमें मामूली बढ़्त का अनुमान लगाते हुए 370 हेक्टेयर में बुआई का लक्ष्य प्रस्तावित किया है। उड़द गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 60 हेक्टेयर में बुआई का लक्ष्य रखा है। मूंगफली गत वर्ष 437 हेक्टेयर रकबे में बुआई का लक्ष्य था, जो इस वर्ष मामूली कमी करते हुए 435 हेक्टेयर प्रस्तावित किया गया है।
खरीफ फसलों की बोनी की तैयारियों को देखते हुए प्रदेश में किसानों के लिए खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। कृषि विभाग से मिली जानकारी अनुसार जिले में वर्तमान में लगभग 29,272 मीट्रिक टन यूरिया, 2,365 मीट्रिक टन डीएपीए 16,258 मीट्रिक टन एनपीके कुल 18,623 मीट्रिक टन डीएपी.एनपीके, 3,376 मीट्रिक टन पोटाश एवं 24664 मीट्रिक टन एसएसपी खाद उपलब्ध है।
विषम वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत सरकार द्वारा प्रदेश में उर्वरकों की आपूर्ति निर्बाध रूप से तथा तय कार्यक्रम के अनुसार लगातार की जा रही है। जिले में उपलब्ध खाद की जानकारी सोसायटीवार, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रवार एवं निजी दुकानवार ई.विकास पोर्टल पर प्रदर्शित की गई है। किसान अपनी आवश्यकता अनुसार खाद की बुकिंग ई.विकास पोर्टल के माध्यम से कर, अपनी सोसायटी अथवा पसंदीदा निजी दुकान से खाद का उठाव कर सकते है।