
*अंचल में धूमधाम से मनाई गई नाग दीपावली
नाग दीपावली पर नाग मंदिरों में आतिशबाजी की गई। श्रद्घालुओं ने घरों के बाहर भी दीपक जलाए। नाग मंदिरों में आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिरों में पूजन अभिषेक के साथ छप्पन भोग लगाया गया। कई स्थानों पर भंडारे भी हुए।
भीकनगांव। बस स्टैण्ड पर स्थित नागराज मंदिर, ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित नागेश्वर मंदिर, सेवरीधाम पोखर, नागबेड़ी, मंडी परिसर स्थित नागेश्वर मंदिर, शीतला माता गली स्थित मालन नागेश्वर मंदिर में दिनभर श्रद्घालुओं का तांता लगा रहा। शाम को आतिशबजी के साथ भगवा ग्रुप ने मोठी माता मंदिर से नागेश्वर मंदिर बस स्टैंड तक भगवा ध्वज यात्रा निकाली। इस दौरान जय सियाराम ग्रुप, बजरंग दल, नागराज मंदिर समिति सहित श्रद्घालु उपस्थित थे।
बड़वाह। नगर के पूर्वी क्षेत्र में स्थित सुरतीपुरा नाग मंदिर में नाग दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनााया गया। बुधवार को आरंभ हुई अखंड रामायण पाठ का समापन गुरुवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। श्रद्घालुओं ने नागदेव की पूजा कर घर परिवार के सुख शांति की कामना की। पुजारी हरिप्रसाद ने बताया कि यह नाग मंदिर पांडवकालीन है। भंडारे में श्रद्घालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
गोगावां। नाग मंदिर में नाग दीपावाली पर भंडारा हुआ। भगवान नागेश्वर को 56 भोग लगाए गए। मंदिर समिति अध्यक्ष सावरसिंह कानूनगो, आयोजन समिति अध्यक्ष हरिओम गुप्ता, उपाध्यक्ष महेंद्र गोरे, सचिव गणेश जोशी आदि ने बताया कि शाम को भगवा ब्रिगेड ने आतिशबाजी की।
टांडा बरुड़। ग्राम के अनंतनाग मंदिर, वासुकीनाग मंदिर सहित अन्य नाग मंदिरों में नाग दीपावली का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। अनंत नाग मंदिर में छप्पन भोग लगाया गया। महाआरती के बाद प्रसादी वितरण किया गया।
बिस्टान। गणेश मार्केटिंग स्थित नाग मंदिर में नाग दीपावली पर आकर्षक श्रृंगार किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर विधायक विजयसिंह सोलंकी, राजेश मण्डलोई, चुन्नीलाल पटेल, मांगीलाल राठौड़, शैलू भावसार सहित बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं ने पूजन कर प्रसादी ग्रहण की।
सनावद। बस स्टैंड स्थिति नाग मंदिर, चैतन्य नाग मंदिर, मंडी रोड स्थित नाग मंदिर आदि मंदिरों में नाग दीपावली मनाई गई। निरंजन नागेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सुंदरकांड, हरे राम हरे कृष्ण कीर्तन का आयोजन हुआ। रात्रि में महेश जाधम व उनकी टीम ने 108 दीपकों से महाआरती की। पं. ओम शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति दी। गजानंद देवानी, नरेंद्र राठौर, कृष्णकांत चौधरी आदि उपस्थित थे।
नागझिरी। क्षेत्र के नाग मंदिरों में नाग दीपावली मनाई गई। मगरिया स्थित नाग मंदिर में श्रद्घालुओं ने कीर्तन कर महाप्रसादी वितरित की।
पिपल्याबुजुर्ग। कुवाजा नाग मंदिर में नाग दीपावली पर अभिषेक हुआ। शाम को निमाड़ी लोकगायक बाबूलाल परिहार ने भजनों की प्रस्तुति दी। नरेंद्र कुमार, धरमचंद, मनोहर धुले, विमल कर्मा ने संगत दी। गांव पटेल बहादुरसिंह मंडलोई ने स्वागत किया। विमल शर्मा ने संचालन किया। मनमोहन नामदेव ने आभार माना।
मेनगांव। ग्राम सहित पिपराटा, नारयणपुरा, आसनगांव आदि के नाग मंदिरों में नाग दीपावली पर धार्मिक आयोजन हुए। पोखर खुर्द स्थित नाग मंदिर में नवयुक मंडल ने भंडारे का आयोजन हुआ। श्रद्घालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। ललित कुमरावत ने बताया कि बाबा का चोला भी बदला गया।
बड़वाह। खंडवा नाके पर स्थित नाग मंदिर में 2 क्विंटल खीर प्रसादी का वितरण किया गया। शैेलेंद्र सागर, प्रेम सेन, सोहन भाई आदि ने सहयोग दिया।