नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन : नीलोफर हत्याकांड में एक माह से अधिक समय से फरार चल रहे उसके पति नईम खान फतेह को पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार वह इंदौर से लेकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान तक फरारी काटता रहा। आरोपित की तलाश में कोतवाली और जैतापुर थाने की विशेष टीम ने करीब 10 हजार किलोमीटर का सफर तय कर पांच राज्यों में पीछा किया। पुलिस से बचने के लिए आरोपित ने अपना हुलिया भी बदला और अलग-अलग जगहों पर ढाबे में काम करने, ई-रिक्शा चलाने, पान की दुकान पर काम करने तथा गैस टंकी बांटने जैसे काम किए।
यह है मामला
मामला गत 15 अगस्त का है। खरगोन निवासी निलोफर पत्नी नईम फतेह की एसिड पीने से मृत्यु हो गई थी। उसके पति ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव को दफना दिया था। मृत्यु को लेकर मायके पक्ष ने संदेह जताते हुए पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने और मामले की जांच की मांग की। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकलवाकर डॉक्टरों की विशेष टीम से पोस्टमार्टम कराया गया।
मर्ग जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को निलोफर के साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने व चोटों के कारण उसकी मृत्यु होने की जानकारी मिली। साथ ही साक्ष्य छिपाने के तथ्य भी सामने आए। इसके बाद कोतवाली थाने में नईम के खिलाफ अपराध क्रमांक 395/2026 में धारा 103(1) और 238(ख) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
मोबाइल बंद किया, ठिकाने बदलता रहा
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस को जानकारी मिली कि नईम खरगोन से फरार होकर लगातार स्थान बदल रहा है और देश छोड़ने की भी कोशिश कर सकता है। इसके बाद उसका लुकआउट नोटिस जारी कराया गया और पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। साइबर सेल को भी तकनीकी निगरानी के लिए लगाया गया।
पुलिस टीम को आरोपित के पंजाब, दिल्ली और राजस्थान में होने के इनपुट मिलते रहे। टीम इन राज्यों में पहुंचकर लगातार उसकी तलाश करती रही। आरोपित पुलिस को चकमा देने के लिए अपना हुलिया बदलकर अलग-अलग काम करता रहा। पुलिसकर्मियों ने भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर फील्ड स्तर पर जानकारी जुटाई। करीब पांच दिनों तक लगातार प्रयास के बाद आरोपित के जयपुर में होने की सूचना मिली। टीम जयपुर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुराने अपराध भी सामने आए
पुलिस के अनुसार नईम के खिलाफ खरगोन और गोगावां थाने में पहले से छह प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, धमकी, तोड़फोड़, आर्म्स एक्ट, आईटी एक्ट और पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपित को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान नीलोफर की मृत्यु से जुड़े घटनाक्रम और साक्ष्य छिपाने के संबंध में उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
कार्रवाई में कोतवाली टीआई बीएल मंडलोई और जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया के नेतृत्व में गठित टीम में उनि दीवानसिंह नारगवे, प्रधान आरक्षक श्याम पंवार, प्रधान आरक्षक संतोष शुक्ला, आरक्षक मुकेश मंडलोई तथा साइबर सेल प्रभारी उनि दीपक तलवारे, आरक्षक सचिन चौधरी और पासपोर्ट शाखा के प्रधान आरक्षक सुरेश का योगदान रहा।