
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन/बड़वानी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार को खरगोन, बड़वानी और खंडवा के दौरे पर रहे। खरगोन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्वहीन और नीतिविहीन पार्टी है, जो अपनी हार छुपाने के लिए ईवीएम और एसआइआर प्रक्रिया पर भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि संगठन और उसकी विचारधारा ही पार्टी की असली ताकत है।
जिले की छह में से तीन सीटें जीतने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने जनसंघ के समय का स्मरण कराया और सभी छह सीटों पर विजय हासिल करने का आह्वान किया। बड़वानी में निजी रिसोर्ट में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राजनीति में पद और सत्ता स्थायी नहीं होते, लेकिन संगठन की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की भूमिका लंबे समय तक बनी रहती है।
सत्ता बदल सकती है, पद छिन सकते हैं लेकिन कार्यकर्ता और विचारधारा हमेशा रहेंगे। उन्होंने कहा, आज मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, कल नहीं रहूंगा। आज जो सांसद और विधायक हैं, वे भी कल नहीं रहेंगे। आज जो जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष हैं, वे भी कल नहीं रहेंगे, लेकिन कार्यकर्ता रहेंगे और विचारधारा रहेगी।
खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति करने वाला संगठन नहीं, बल्कि विचारधारा के आधार पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। खंडवा में देर रात तक रुके खंडेलवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्तिगत मतभेदों और पद की चिंता छोड़कर पार्टी और विचारधारा को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए।