
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। मध्य प्रदेश में खरगोन जिले के करही कस्बे में 150 रुपये के लेनदेन में 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। आरोपित नाबालिग है। घटना से आक्रोशित भीड़ ने उसकी दुकान में आग लगा दी। आसपास रखे हथठेले भी पलट दिए। घटना सुबह साढ़े 11 बजे की है। पुलिस ने देर रात आपचारी को हिरासत में ले लिया है। डीआइजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
जानकारी के अनुसार, करही कस्बे में वेल्डिंग की दुकान संचालित करने वाले दूसरे पक्ष के किशोर और मृत किशोर सोहन के बीच 150 रुपये के लेनदेन का विवाद था। गुरुवार को दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान उसने सोहन के पेट पर कोहनी मार दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्वजन मंडलेश्वर लेकर पहुंचे, जहां से इंदौर रेफर कर दिया गया। उसे इंदौर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में मौत हो गई।
सोहन की मौत की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए और आरोपित की दुकान में आग लगा दी। माहौल बिगड़ता देख आसपास के दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए। मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला और एएसपी शकुंतला रूहल भी मौके पर पहुंचे। करही में आसपास के थानों से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जिले के करही में महज 150 रुपए के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक परिवार ने अपना इकलौता पुत्र और तीन बहनों के भाई को खो दिया। गुरुवार को हुए विवाद में आरोपित शहनवाज उर्फ शानू खान ने 16 वर्षीय सोहन के पेट में चोट मारी थी, जिससे शाम को उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार ग्राम रामदड़ में पुलिस की उपस्थिति में किया गया। उधर, पुलिस ने आरोपित शानू के विरूद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है। गुरुवार को करही में तनाव की स्थिति बनी थी। आक्रोशित लोगों ने आरोपित की दुकान में आग लगा दी थी। इसके बाद तीन जिलों का बल तैनात किया गया। हालांकि अब कस्बे में शांति है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. रवींद्र वर्मा भी करही पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। गुरुवार रात्रि व शुक्रवार सुबह करही, पाडल्या और आखीपुरा चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करही में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और समाजजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने 20 लाख मुआवजा, आरोपी पर सख्त कार्रवाई, उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग रखी। करीब एक घंटे तक चले विरोध के बाद एसडीएम पूर्वा मंडलोई के आश्वासन पर परिजन माने। शव को एम्बुलेंस से रामदड़ ले जाया गया। मृतक के काका मुकेश जाधव ने बताया वह परिवार का एकलौता सहारा था।
.jpeg)
घर से अंतिम यात्रा निकलकर मुक्ति धाम जाते समय सकल हिन्दू समाज के लोगों ने रास्ते में शव रखकर लिखित आश्वासन देने की मांग दोहराई। मार्ग में शव को रखकर सकल हिन्दू समाज बैठ गया। प्रशासन के साथ एक घंटे चर्चा के बाद समाज द्वारा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें मुआवजा, आरोपी के मकान पर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने नियमानुसार कार्रवाई और आर्थिक सहायता के लिए प्रस्ताव भेजने का लिखित आश्वासन दिया। मौके पर मृतक के पिता को रेड क्रास से एक लाख का चैक सौंपा। अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपए, विधायक निधि से एक लाख देने की घोषणा की। खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद सकल हिन्दू समाज परिजन समाजजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
यह भी पढ़ें- कर्जा चुकाने के लिए किया किडनैप, पति-पत्नी और भाई-बहन गिरफ्तार, इंदौर अपहरण कांड का खुलासा
एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि आरोपित के हमले में स्प्लीन रप्चर होने के चलते सोहन की मौत हुई थी। मृतक सिकल सेल बीमारी से प्रभावित था जिसके चलते लीवर और स्प्लीन में कमजोरी आ जाती है। उन्होंने बताया कि करही में पूरी तरह से शांति है और स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी और खंडवा का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है। आरोपित शानू खान को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे न्यायीक हिरासत में भेज दिया गया है।