
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। बिना किसी मुद्दे के मुद्दा बनाना और अनर्गल प्रचार करना विपक्ष की पुरानी आदत बन चुकी है। जनता द्वारा नकारे गए लोग सत्ता की लोलुपता के कारण एकजुट होने का असफल प्रयास कर रहे हैं। कई दलों का विपक्ष के साथ होना वैसे ही है, जैसे कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा। यह बात जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को जिले के दौरे के दौरान मीडिया द्वारा रामलीला मैदान में विपक्ष सहित अन्य दलों के प्रदर्शन के जवाब में कही।
मंत्री सारंग ने दावा किया कि विपक्ष का यह शक्ति प्रदर्शन पूरी तरह से हवा हो गया और उनके द्वारा दस लाख लोगों के शामिल होने का दावा टाई-टाई फिस्स साबित हुआ। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यह स्थिति खोदा पहाड़ और निकली चुहिया जैसी है।
जनता की प्रतिक्रिया पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र को बचाने और अराजकता के खिलाफ खुद आगे आकर जवाब दे रही है, जिसका प्रमाण इंदौर, हरदा, जबलपुर और भोपाल में हो रहे बड़े आयोजनों और जनसमर्थन से मिलता है।
उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे उन विदेशी ताकतों के मुखौटे बने हुए हैं जो देश के विकास को नहीं देख पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। मंत्री सारंग ने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष उन योजनाओं का विरोध कर रहा है जिनसे गरीबों को मुफ्त इलाज, आवास, शौचालय और उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिले हैं।
वंशवाद और चुनावी परिणामों पर बात करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जो लोग चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं, वे खुद लोकसभा में कैसे पहुंच गए और हिमाचल, केरल व कर्नाटक में उनकी सरकारें कैसे बन गईं। कर्नाटक का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां बैलेट पेपर पर हुए एमएलसी चुनाव में भी विपक्ष बुरी तरह पराजित हुआ है।
अंत में उन्होंने कहा कि झूठ और फरेब की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं टिकती और देश में करोड़ों लोगों के जुटने का जो झूठा गुब्बारा दिखाया जा रहा था, वह अब पूरी तरह से फूट चुका है। सर्किट हाउस पर मिलने पहुंचे दिव्यांगों से प्रभारी मंत्री ने चर्चा की और कलेक्टर को निर्देशित किया कि एक शिविर लगाकर जिलेभर के दिव्यांगों को योजनाओं का लाभ दिया जाए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दीपावली पर कार्बाइड गन बैन... लापरवाही पड़ेगी भारी, अवैध बिक्री पर पुलिस का शिकंजा