
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिले से गुजर रहे मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम मगरखेड़ी के पास शनिवार सुबह ट्रक-ट्राले की चपेट में आने से बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। हादसे में भूमि शर्मा (26) ट्रक के पहिए के नीचे दब गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल आशीष परमार को हाईवे एंबुलेंस से ठीकरी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में युवती का शव ट्रक के नीचे फंस गया। सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाकर शव को बाहर निकलवाया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। करीब एक घंटे तक लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। बलकवाड़ा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग के टोल क्षेत्र प्रबंधक राकेश मंडलोई की टीम के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
यह भी पढ़ें- इंदौर के सांची पेड़ा प्लांट में बड़ा हादसा, मशीन फटने से टेक्नीशियन की मौत, 3 घायल; गंदगी के बीच बन रही थी मिठाई
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। युवती का शव ट्रक के नीचे फंसा होने के बावजूद कई लोग मदद करने के बजाय तमाशबीन बने रहे। ऐसे में बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान सहित पुलिस जवानों ने मौके पर राहत कार्य में जुटकर शव को बाहर निकलवाने में मदद की।