
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहर में कुंदा नदी तट स्थित प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में भगवान श्री गणेश को 16 वर्ग फीट की राखी बांधी गई। इस खास राखी की सबसे बड़ी खूबसूरती ये है कि इसे बहन पलक ने अपने हाथों से करीब 15 दिनों की मेहनत से तैयार किया है।
राखी में देश के 12 ज्योतिर्लिंगों के चित्र सजाए गए हैं। खरगोन में रक्षाबंधन के पर्व पर वर्षों पुरानी परंपरा है कि भाई-बहन के राखी बांधने के पर्व की शुरुआत सबसे पहले सिद्धि विनायक गणेश भगवान को राखी बांधकर की जाती है। इसी परंपरा के तहत सुबह मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश को विशाल राखी बांधी गई।
इस राखी को देखने और भगवान गणेश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ भी उमड़ रही है। बहन पलक ने बताया की भगवान गणेश को यह राखी लोगों की सुरक्षा और खरगोन सहित पूरे प्रदेश और देश में सुख-समृद्धि की कामना के लिए बांधी है। मंदिर के पुजारी प्रणय भट्ट का कहना है कि सबसे बडी राखी बहन पलक ने बनाई है।
यह भी पढ़ें- क्या आप राखी पर महंगे गिफ्ट न मिलने पर मायूस होते हैं? द्रौपदी और श्रीकृष्ण के इस प्रसंग से समझें इसका असली मतलब