
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। जिले की महेश्वर तहसील के ग्राम भकलाय में सीमांकन करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को बंधक बनाकर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों में महिलाओं सहित 20 से अधिक लोग शामिल थे।
इस हमले में राजस्व निरीक्षक का एक पैर फ्रैक्चर हो गया, वहीं पटवारी के सिर में गंभीर चोट आई और अंदरूनी चोटों के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों अधिकारियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मंडलेश्वर एसडीएम पूर्वा मंडलोई व एसडीओपी श्वेता शुक्ला की मौजूदगी में शाम 6.30 बजे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया। पूरा घटनाक्रम दोपहर दो से तीन बजे के बीच का है।
जानकारी के अनुसार जितेंद्र परमार निवासी भकलाय के आवेदन पर राजस्व टीम भूमि सीमांकन के लिए गांव पहुंची थी। जैसे ही टीम ने काम शुरू किया, वहां पहले से घात लगाकर बैठे नादानसिंह मालिवाड़, पन्नालाल भूरिया, बलवंत परमार, नारायण परमार व उनके साथ मौजूद 20 से अधिक अज्ञात हमलावरों ने हथियारों से अचानक हमला बोल दिया। हमले में घायल आरआइ संघ जिलाध्यक्ष अभिषेक जमरा व पटवारी राजा कुमार को मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर मंडलेश्वर के अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पूर्वा मंडलोई, तहसीलदार कैलाश सस्त्या, तहसीलदार संजय बावेल, एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी पंकज तिवारी, पटवारी संघ जिलाध्यक्ष, तहसील पटवारी संघ अध्यक्ष और महेश्वर तहसील व टप्पा क्षेत्र के पटवारी अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल परिसर में पटवारियों व राजस्व कर्मचारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर घटना के समय सूचना देने के बावजूद समय पर मौके पर न पहुंचने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका बस्ता काम के लिए नहीं उठेगा।
यह भी पढ़ें- फिरोज खान की काली कमाई बढ़कर 68 करोड़, महिला मित्र के नाम मिली 2.30 करोड़ की जमीन, अब तक 51 संपत्तियां उजागर
पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपितों के साथ 29 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी तिवारी व एसडीओपी शुक्ला ने बताया कि आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें सर्चिंग व दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ कर अन्य अज्ञात हमलावरों के नाम भी मामले में बढ़ाए जाएंगे। पुलिस व राजस्व विभाग संयुक्त रूप से आगे की कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
ग्राम भकलाय सीमांकन करने पहुंचे आरआई व पटवारी को बंधक बनाकर मारपीट की गई है। सीमांकन का आदेश पूर्व से ही जारी था।- कैलाश सस्त्या, तहसीलदार महेश्वर