
खरगोन(नईदुनिया प्रतिनिधि)।
भोपाल में 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जन्मजयंती उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के तहत चल रहे आयोजनों की कड़ी में जनजागरण विकास मंच ने शनिवार को शहर में बिरसा वाहन रैली निकाली। वाहन रैली में आगे चल रही खुली जीप पर वीर बिरसा मुंडा एवं भारत माता का चित्र लगे वाहन आगे-आगे चल रहा था। वहीं पीछे-पीछे धर्मध्वजा लिए बाइक सवार चल रहे थे। रास्तेभर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। रैली किला मैदान से शुरू होकर विभिन्ना मार्गों से होते हुए बिस्टान रोड स्थित गणेश मार्केटिंग पहुंचकर सभा में परिवर्तित हुई। वनवासी कल्याण परिषद अध्यक्ष कालुसिंग फतरोड मंच ने जनजाति के गौरवमय इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा सनातनी संस्कृति, रीति-रिवाज, परंपराओं, संस्कृति की रक्षा करना हम सब की जिम्मेदारी है। फतरोड ने कहा प्रदेश और केंद्र सरकार ने जनजाति समाज के गौरव वीर क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप मनाने का जो निर्णय लिया है, वह गौरव की बात है। युवा अवस्था में कदम रखते ही अंग्रेजों एवं मतांतरण के खिलाफ बिगुल फूंककर जनजाति समाज के हितों की रक्षा संघर्ष किया। जिसके चलते वे बेहद कम उम्र में ही समाज के बीच भगवान के रूप में पूजे जाने लगे। यह न केवल जनजाति समाज के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती कर किया गया। संचालन वनवासी कल्याण परिषद जिला सचिव कालुसिंग मंडलोई ने किया। इस दौरान प्रांत सदस्य छतरसिंग मंडलोई, जिला अध्यक्ष चंदरसिंह वास्कले, नगर संघचालक हरिश अग्रवाल, मधुकर भट्ट एवं बिरसा मुंडा वेस कडवा पाटीदार उपस्थित रहे।