
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व के खटिया बफर क्षेत्र में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ का नजदीक से दीदार करने का रोमांचक अवसर मिला।
अचानक एक बाघ सड़क पर आ गया और करीब एक घंटे तक बेखौफ होकर चहलकदमी करता रहा। इस दौरान पर्यटकों ने बाघ की गतिविधियों को अपने कैमरों में कैद किया।
अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पर्यटक जंगल सफारी कर रहे थे, तभी सड़क पर बाघ दिखाई दिया। उसे सामने देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे।
बाघ काफी देर तक सड़क पर चलता रहा और आसपास के जंगल की ओर जाता दिखाई दिया। इस दौरान पर्यटकों को उसकी स्वच्छंद चहलकदमी को कैमरे में रिकॉर्ड करने का अवसर मिला।
जंगल के प्राकृतिक वातावरण में बाघ की इस तरह मौजूदगी पर्यटकों के लिए यादगार अनुभव बन गई।वीडियो सामने आने के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच बाघ की पहचान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
कुछ लोगों ने इसे मगरानाला बाघिन का शावक बताया है, हालांकि वन विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र के साथ बफर क्षेत्र में भी बाघों की मौजूदगी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बफर क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता से जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को रोमांचक दृश्य देखने को मिल रहे हैं।