
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ लोकायुक्त जबलपुर ने वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर उनके आवास पर छापा कार्रवाई शुरू की है।

लोकायुक्त के अनुसार 27 अक्टूबर को सुबह करीब 6 बजे से जिलहरी स्थित रिलायबल डेवलपर कॉलोनी में कार्रवाई जारी है। आरोपी वर्तमान में दमोह में पदस्थ बताए गए हैं।

लोकायुक्त को मनीष कुमार जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया द्वारा किए गए सत्यापन में शिकायत प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी की कुल आय 1,03,73,317 रुपये के मुकाबले अब तक 3,78,25,707 रुपये का व्यय सामने आया है। लोकायुक्त ने इसे आय का 264.64 प्रतिशत अनुपातहीन व्यय बताया है।

जांच में पत्नी के नाम करीब 402 वर्गमीटर का प्लॉट भी दर्ज है। सागर के बंडा में आरोपी की माता और पिता के नाम जमीन पर बने मकानों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

लोकायुक्त के मुताबिक परिवार के नाम ली गई बीमा पॉलिसियों पर करीब 33.94 लाख रुपये का व्यय और पत्नी के नाम मारुति स्विफ्ट कार व सुजुकी एक्सेस वाहन खरीदे जाने की जानकारी मिली है। संपत्तियों और खर्चों के दस्तावेजों की जांच जारी है।

कार्रवाई के लिए लोकायुक्त ने तीन टीमें गठित की हैं। टीम-1 में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, राहुल गजभिये अन्य टीम सदस्य, टीम-2 में रेखा प्रजापति, उप पुलिस अधीक्षक, निरीक्षकगण शशि मस्कुले, जितेंद्र यादव एवम अन्य टीम सदस्य व टीम-3 में रजनी तिवारी, निरीक्षक एवं अन्य टीम सदस्य।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में साइबर क्राइम : क्यूआर कोड के बाद वीडियो भेजकर भरोसा दिलाया, मदद के नाम पर फोन कर दिया झांसा