
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। मंडला जिला मुख्यालय मंडला में मिठाई और बेकरी की दुकान मधुरम स्वीट्स में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। घटना में दुकान संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दुकान के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद दुकान संचालकों को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर जब दुकान का शटर खोला गया, तो अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। दुकान में आग फैलने से वहां रखा सामान मिठाई, बेकरी इसकी चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया।

दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
नुकसान का आकलन किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग से कितनी क्षति हुई है। आग किन वजहों से लगी वास्तविक कारणों की जानकारी भी जांच के बाद ही सामने आएगी।
यह भी पढ़ें- मंडला के बहुचर्चित डबल मनी प्रकरण में छह आरोपी गिरफ्तार, 1.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी