
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। पांडीवारा पुलिस चौकी अंतर्गत धनपुरी रैयत ग्राम पंचायत के अमाही गांव में बुधवार रात जंगली जानवर के हमले से करीब पांच ग्रामीण घायल हो गए। गांव में अलग-अलग स्थानों पर हुए हमलों के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए चिरईडोंगरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार ग्रामीणों ने जंगली जानवर के तेंदुआ होने की सूचना दी थी। इसके बाद टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को तेंदुए के फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने फोटो में दिख रहे जानवर को हमलावर जानवर नहीं माना।
ग्रामीणों के अनुसार जानवर का मुंह छोटा था। इसके आधार पर वन विभाग ने लोमड़ी या सियार होने की आशंका जताई है। घटना के बाद वन विभाग ने रात में ही गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी। लोगों से रात में घरों के दरवाजे बंद रखने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने कहा गया है।
साथ ही किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर उसके पास नहीं जाने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम गांव और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।