
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। जिले के उपनगर महाराजपुर में आयकर विभाग की टीम ने टिंबर व्यवसाय से जुड़े दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर अचानक दबिश देकर जांच कार्रवाई की।
सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के टिंबर कारोबारियों में हलचल मच गई। टीम के अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में पहुंचकर दस्तावेजों और व्यावसायिक अभिलेखों की जांच की। देर शाम तक कार्रवाई जारी रहने से जांच को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम सुबह महाराजपुर में फारेस्ट नाका के पास स्थित निरंजन अग्रवाल टिंबर मर्चेंट और स्टेशन मार्ग पर स्थित चंद्रकांत गोहिल टिंबर मर्चेंट एंड सा मिल पहुंची। दोनों प्रतिष्ठानों में टीम ने जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि आयकर चोरी से संबंधित शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, शिकायत और जांच के आधार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।
टीम के सदस्यों ने प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की पड़ताल की। अधिकारियों ने जांच के संबंध में कोई जानकारी साझा नहीं की। पुलिस बल भी कार्रवाई वाले स्थानों पर तैनात रहा और लोगों को दूरी पर रखा गया।
सुबह से शुरू हुई कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। खबर लिखे जाने तक आयकर विभाग की टीम दोनों प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों की जांच कर रही थी।
फिलहाल आयकर विभाग की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक स्थिति पता चल पाएगी। देर शाम भी चलती रही कार्रवाई।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में प्रीमैच्योर नवजात को बिना वेंटिलेटर मिला नया जीवन, पढ़ें ऐसे काम करती है लिसा तकनीक