
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला: नगर पालिका मंडला में लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी गजानंद नाफड़े को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार नल-जल योजना से संबंधित कार्य के एवज में सीएमओ द्वारा ठेकेदार ज्ञान सिंह से दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप है। ठेकेदार ने इस संबंध में लोकायुक्त जबलपुर से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने पर शुक्रवार को कार्रवाई की योजना बनाई गई।
निर्धारित योजना के तहत ठेकेदार द्वारा सीएमओ को रिश्वत की राशि दी गई। इसी दौरान लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने सीएमओ गजानंद नाफड़े को दो लाख रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई नगर पालिका मंडला कार्यालय में की गई।
लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की राशि जब्त कर संबंधित दस्तावेज और साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हलचल बढ़ गई। लोकायुक्त टीम द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।