
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। मानसून के बाद एक अक्टूबर से कान्हा टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां पुनः शुरू हो गईं। पर्यटक खटिया, मुक्की और सरही तीनों पर्यटन द्वारों से कोर क्षेत्र में प्रवेश कर वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक परिवेश में देखने के साथ वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझ सकेंगे।
पर्यटन सत्र के शुभारंभ अवसर पर तीनों पर्यटन द्वारों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। खटिया प्रवेश द्वार पर क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी ने भारतीय खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों नीरज चोपड़ा, गगन नारंग और इलावेनिल वेलारेवीन की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर पर्यटन वाहनों को रवाना किया। मुक्की पर्यटन द्वार पर उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ किया। सरही पर्यटन द्वार से भी पर्यटन गतिविधियां प्रारंभ की गईं।
एक से सात अक्टूबर तक आयोजित होने वाले वन्यजीव संरक्षण सप्ताह का भी शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रवेश द्वारों पर उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यटकों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। सभी ने वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की शपथ ली।
कान्हा टाइगर रिजर्व में हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक वन्यजीव और प्राकृतिक सौंदर्य देखने पहुंचते हैं। इस वर्ष भी पर्यटकों के आगमन को देखते हुए कान्हा प्रबंधन ने पर्यटन से संबंधित आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के अवसर बढ़ते हैं।
पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय गाइड, वाहन ड्राइवर, होमस्टे, होटल, रिसॉर्ट सहित अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को लाभ मिलेगा। कान्हा प्रबंधन को उम्मीद है कि इस पर्यटन सत्र में स्थानीय समुदाय को व्यापक आर्थिक और रोजगार संबंधी लाभ प्राप्त होंगे।