कान्हा टाइगर रिजर्व के प्रतिबंधित कोर वन क्षेत्र में जहर देकर चीतल का शिकार करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही परिक्षेत्र अंतर्गत प्रतिबंधित कोर वन क्षेत्र में जहर देकर चीतल का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 09:27:41 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 09:28:24 PM (IST)
HighLights
- घटनास्थल से चीतल के अवशेष और जहर की पुड़िया जब्त
- करीब दो किलोग्राम वन्यप्राणी का भुना हुआ मांस मिला
- चीतल के बाल, चमड़े, खुर सहित तीन पैर और दांत बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही परिक्षेत्र अंतर्गत प्रतिबंधित कोर वन क्षेत्र में जहर देकर चीतल का शिकार करने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से वन्यप्राणी का पका हुआ मांस बरामद किया गया।
घटनास्थल से चीतल के अवशेष और जहर की पुड़िया जब्त
उनकी निशानदेही पर घटनास्थल से चीतल के अवशेष और जहर की बची हुई पुड़िया भी जब्त की गई है। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार भिलवानी वृत्त के खटोला बीट स्थित कोयलाभट्टा कोर वन क्षेत्र में गश्ती के दौरान वन अमले ने कोंदासिंह परते (37) निवासी वनग्राम अजयनगर को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
करीब दो किलोग्राम वन्यप्राणी का भुना हुआ मांस मिला
तलाशी लेने पर उसके पास से करीब दो किलोग्राम वन्यप्राणी का भुना हुआ मांस मिला। पूछताछ में उसने अपने साथी बारेलाल धुर्वे (57) के साथ मिलकर जहर डालकर चीतल का शिकार करना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान वन विभाग ने दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया।
चीतल के बाल, चमड़े, खुर सहित तीन पैर और दांत बरामद
दोनों की निशानदेही पर जामुनटोला बीट के कक्ष क्रमांक 675(66) स्थित घटनास्थल से चीतल के बाल सहित चमड़े, खुर सहित तीन पैर, दांत सहित जबड़े के दो टुकड़े और जहर की बची हुई पुड़िया बरामद की गई। वन अमले ने सभी सामग्री जब्त कर ली है।