श्योपुर के चीता शावक शिकार मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन, 25 संदिग्ध हिरासत में; 2 अवैध बंदूकें जब्त
श्योपुर जिले के मढा और नितनमास गांवों से 25 संदिग्धों को पकड़ा है।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 06:31:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 06:42:28 PM (IST)
श्योपुर में 19 माह के शावक हुआ था शिकार, फाइल फोटोHighLights
- श्योपुर में 19 माह के शावक हुआ था शिकार
- पुलिस ने 25 संदिग्धों को हिरासत में लिया
- धरपकड़ के दौरान 2 अवैध बंदूकें जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना/श्योपुर। मादा चीता निर्वा के 19 माह के शावक के शिकार के मामले में पुलिस व वन विभाग की टीमें आसपास के गांवों में संदिग्धों की धरपकड़ कर रही हैं। बीते दो दिनों में श्योपुर जिले के मढा और नितनमास गांवों से 25 संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।
इनमें से दो के पास से अवैध बंदूकें भी मिली हैं। क्षेत्रीय मोगिया जाति के इन लोगों के शिकारी होने का संदेह है। वन विभाग के अनुसार दो अवैध टोपीदार बंदूकें(भरमार) जब्त की गई हैं, जिसका प्रयोग शिकार करने में होता है। शुक्रवार को मढा गांव की चार-पांच महिलाएं मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाने पहुंचीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग की टीम उनके घरों में घुसी और मारपीट कर पुरुष सदस्यों को अपने साथ ले गई। महिलाओं का कहना था कि उनके स्वजन को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी भी नहीं दी जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद संदिग्धों को पकड़ने की कार्रवाई चर्चा में आ गई है।
एसटीएफ और वन विभाग की धरपकड़ शुरू होने के बाद नितनमास सहित मोगिया समाज के गांव के गांव खाली हो गए हैं। इधर जांच से जुड़े अधिकारियों का दावा है कि संदिग्धों से पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं। दो-तीन दिनों के अंदर इस जांच में कामयाबी मिलने की उम्मीद है।
इधर, शुक्रवार को मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) उत्तम कुमार शर्मा ने भी टीम के साथ नितनमास गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने उस क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां चीते को गोली मारे जाने की घटना सामने आई थी। इस दौरान मुरैना और श्योपुर के डीएफओ भी मौजूद रहे।
केंद्रीय वन मंत्री ने ली अधिकारियों से जानकारी
वन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, चीता के शिकार मामले में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय सीधे जानकारी ले रहा है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने वीडियो कॉल के माध्यम से ग्वालियर-चंबल के वन और पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई और चीतों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली है।
फिलहाल जो कार्रवाई अभी चल रही है, वह डीएफओ व एसटीएफ स्तर से है। कार्रवाई के बारे में वही लोग बता सकते हैं। उत्तम कुमार शर्मा, सीसीएफ कूनो नेशनल पार्क।