
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। शहर के डिंडौरी नाका क्षेत्र में गुरुवार रात दो गुटों के बीच हुआ विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। इस दौरान स्वामी सीताराम वार्ड निवासी पंकज ब्रम्हे के पेट में चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद संबंधित युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंकज ब्रम्हे गुरुवार रात अपने दो साथियों के साथ डिंडौरी नाका क्षेत्र में खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए तीन युवकों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली नजर आ रहा विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान एक युवक ने पंकज पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। झड़प के दौरान कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद घायल पंकज को उपचार के लिए मंडला जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वारदात के बाद मौके से फरार हुए युवकों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में बख्शीश पर बवाल, किन्नरों से विवाद में पिता-पुत्र पर चले लात-घूंसे, निकाला चाकू, दोनों पक्षों में FIR
एसडीओपी पीयूष मिश्रा ने बताया कि घटना के संबंध में तीन संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। घायल को जबलपुर रेफर किए जाने के कारण फिलहाल विवाद के कारण की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले में जानकारी एकत्र करने के बाद अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।