
नईदुनिया न्यूज, अरनोद (मंदसौर)। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से काली कमाई कर संपत्ति बनाने वाले कोटड़ी के शातिर तस्कर जाहिद खान की 1.90 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को सफेमा एक्टड के तहत फ्रीज कर दी है।
भारत सरकार की कंपीटेंट अथॉरिटी (सफेमा एवं एनडीपीएस एक्ट) ने पुलिस के प्रस्ताव को स्वीकार कर फ्रीजिंग आदेश जारी कर दिया है। एसपी विशाल जांगीड़, एएसपी जयदेव सियाग के माध्यम से अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा की टीम ने तस्कर जाहिद खान की संपत्तियों की सूची बनाकर प्रस्ताव सफेमा कोर्ट मुंबई भेजा था। आदेश मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित जाहिद की संपत्तियों पर जब्ती के बोर्ड लगा दिए हैं।
थानाधिकारी ने बताया कि तस्कर जाहिद पुत्र मोहम्मद हुसैन खान (निवासी कोटड़ी) लंबे समय से ब्राउन शुगर, अफीम और डोडाचूरा की तस्करी में शामिल रहा है। आरोपित के खिलाफ वर्ष 2011 में मंदसौर जिले के अफजलपुर थाने में 841 किलो डोडाचूरा जब्ती का मामला दर्ज है। वर्ष 2023 में अरनोद थाने में 70 ग्राम ब्राउन शुगर और दूसरे मामले में 40 ग्राम अफीम व 14.13 लाख रुपये जब्ती का केस दर्ज है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने इन दिनों ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाकर नशे के विरुद्ध अभियान छेड़ रखा है। अभियान के तहत नशे का अवैध कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- नहर में फंसी तस्करों की कार, बारिश के बीच खेतों में दौड़कर पकड़ाया ड्राइवर, 1 क्विंटल 86 किलो डोडाचूरा जब्त