
नईदुनिया न्यूज, सीतामऊ (रतलाम) : सीतामऊ में चल रही राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबाल प्रतियोगिता में अव्यवस्थाएं खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते पूरे आयोजन की चमक फीकी हो गई है।
आयोजन से पूर्व व्यवस्थाओं के दृष्टिगत भोजन, आवास, चिकित्सा सहित आवागमन समिति बनाई गई थी, लेकिन जिन अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गईं उनमें से ज्यादातर नदारद रहे, इसके चलते पूरे आयोजन में अव्यवस्थाएं बेपटरी है। मंगलवार को 19 वर्ष बालक वर्ग के खिलाड़ियों को भोजन नहीं मिला, खिलाड़ी पहुंचे तब तक भोजन खत्म हो गया, इसके चलते खिलाड़ियों नाराज़गी जाहिर की।
बालक वर्ग के खिलाड़ियों के ठहरने के लिये पोरवाल मांगलिक भवन में व्यवस्था की गई थी, यहां सागर, रीवा, नर्मदापुरम संभाग के खिलाड़ियों ने भोजन खत्म होने पर जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करना चाहा, लेकिन यहां स्थानीय स्तर पर कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं था।
भोजन बनाने वाले ठेकेदार को खिलाड़ियों ने समस्या बताई तो कर्मचारी ने कहा कि भोजन खत्म हो गया है। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि जान बूझकर उन्हें तेज मिर्च मसाले वाला खाना दिया जा रहा है, जिसके चलते ज्यादातर खिलाड़ी निजी होटल रेस्टोरेंट पर खाना खाने को मजबूर है।
बाहर से आई टीमों के कोच एवं मैनेजर ने भी एक दिन पहले नाराजगी जाहिर की तो उन्हें निजी होटल में रुकने की व्यवस्था दे दी गई, लेकिन बच्चों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि उन्हें आयोजन स्थल पर पैदल आना-जाना पड़ रहा है जबकि आवागमन के लिये एक लाख रुपये का ठेका दिया गया है।
आयोजन के शुभारंभ में छपवाए गए आमंत्रण पत्र स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक भी नहीं पहुंचे थे। चिकित्सा, भोजन, आवागमन संबंधी अव्यवस्थाओं से नाराजगी फैलने के बाद आयोजन से जुड़े जिम्मेदार सब ठीक करने में जुटे है। समापन सत्र के लिये अब अलग से सूची बनाकर आमंत्रण भिजवाये जा रहे है, लेकिन खिलाड़ियों के लिये उचित व्यवस्था के प्रबंध पर ध्यान अभी भी नहीं दिया जा रहा है। ड्यूटी से नदारद कर्मचारियों को कार्रवाई का भी कोई डर नहीं हैं, न ही उन पर कार्रवाई हो रही है।
हमने प्रतियोगिता में भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये निर्देश दिए हैं, खिलाड़ी भोजन करने के लिए थोड़ी देरी से पहुंचे थे, इसलिये अव्यवस्था हुई थी। -घासीलाल जोकचंद, प्रभारी, जिला क्रीडा अधिकारी, मंदसौर