
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। इंदिरा गांधी जिला अस्पताल के वार्ड से सोमवार को जेवर से भरा बैग चोरी हो गया। महिला तत्काल शहर कोतवाली पहुंची और बताया कि बैग में लगभग चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर रखे हुए थे। कीमती सामान से भरे बैग की चोरी को देखते हुए पुलिसकर्मी सतर्क हुए।
जिला अस्पताल में सीसीटीवी फुटेज देखने में जो तस्वीर सामने आई उसने सभी को चौंका दिया। इसमें एक श्वान बैग को मुंह में दबाकर ले जाता हुआ दिखा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर में उसे खोज लिया और बेग भी सुरक्षित मिल गया। बाद में महिलाओं बैग में करीब 4 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
शहर कोतवाली टीआई पुष्पेंद्रसिंह राठौर ने बताया कि लताबाई पत्नी- प्रकाश वाल्मीकि निवासी कयामपुर ने सोमवार को कोतवाली में आकर आवेदन दिया था कि जिला अस्पताल में बेग गुम हो गया है। बैग में लगभग 4 लाख रुपये कीमत सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान रखा था।
कोतवाली के प्रधान आरक्षक अजय सोलंकी अस्पताल परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। सीसीटीवी फुटेज में एक श्वान बेग को लेकर जाता हुआ दिखा। इसके बाद परिसर में खोजबीन कर बेग एवं उसमें रखा कीमती सामान बरामद कर लिया गया। सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामग्री आवश्यक कार्रवाई के बाद लताबाई को सुरक्षित सुपुर्द किया गया।
मल्हारगढ़। नगर के स्टेशन रोड पर सोमवार सुबह लगभग 11 बजे मकान में घुसे चोर 64 हजार रुपये व जेवरात चोरी कर ले गए। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह स्टेशन रोड पर पोस्ट आफिस के पास रहने वाले गोपाल मालवीय परिवार सहित किसी कार्यक्रम में गए थे।
कार्यक्रम से लौटे तो घर का मुख्य द्वार खुला था। अंदर जाकर देखा तो समान बिखरा था। गोपाल मालवीय ने बताया सुबह 11 बजे लगभग चोरी हुई हे। मकान से 64 हजार रुपये, जेवरात चोरी हुए है। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने छानबीन की। आस-पास के सीसीटीवी कैमरे के फूटेज की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में कमलानगर थाने से पुलिस को गच्चा देकर भागा वाहन चोर; 4 पुलिसकर्मियों की होगी विभागीय जांच