_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। गुरुवार शाम सुवासरा से मंदसौर आ रही एक बस डिगांव-बसई मार्ग पर ग्राम माल्या खेरखेड़ा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस के परिचालक की दबने से मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक स्टेयरिंग मोड़ दिया, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार निक्की बस सुवासरा से मंदसौर आ रही थी। डिगांव-बसई मार्ग का निर्माण हाल ही में हुआ है, जिसके कारण सड़क बेहतर होने से बस तेज गति में चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की स्थिति भी ठीक नहीं थी। शाम करीब 6:30 बजे ग्राम माल्या खेरखेड़ा के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस की खिड़कियों से यात्रियों को बाहर निकाला। बस में सवार महिलाएं और बच्चे काफी घबरा गए थे, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस सड़क पर आड़ी पलटने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
बस के नीचे दबने से मौत
पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे में 22 वर्षीय वरदीचंद पुत्र देवीलाल बलाई निवासी बेटीखेड़ी की बस के नीचे दबने से मौत हो गई। घायलों में तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वरुण तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं जितेंद्र भास्कर, पुष्पेंद्र सिंह राठौर और तहसीलदार सोनिका सिंह भी घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस का कहना
नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सामने से आए वाहन को बचाने के प्रयास में बस पलटी है। एक व्यक्ति की मौत हुई है, जिसे परिचालक बताया जा रहा है। तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को सामान्य चोटें लगी हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल मंडल के ओएचई में तकनीकी खराबी, ग्वालियर-बीना होकर चलेंगी ये दो प्रमुख ट्रेनें; रेलवे ने जारी किया अलर्ट