
नईदुनिया न्यूज, गरोठ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर गरोठ से दलावदा खंड के बीच हादसे थमने के नाम ही नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को सुबह गरोठ के पास ही एक तेज रफ्तार कार ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, वहीं एक घायल हो गया।
कार सवार युवक हरियाणा के गुरुग्राम से बासवाड़ा (राजस्थान) के पर्यटक स्थल चाचाकोटा जा रहे थे। तीनों के शव गरोठ अस्पताल में लाए गए। यहां शाम को उनके स्वजन को सौंपे गए। घायल को ज्यादा गंभीर चोट नहीं लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हरियाणा की तरफ से आ रहे कार सवार गरोठ के यहां एक ट्रक में पीछे से जा घुसे। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की आगे की सीटे भी पूरी तरह टूट गई।
हादसे में कार सवार अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर, गुरुग्राम (हरियाणा), बिंदर पुत्र जगत सिंह निवासी नाथूपुर गुरुग्राम (हरियाणा), कैलाश दुलारा निवासी अलवर (राजस्थान) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विजेंदर पुत्र हरपाल निवासी नाथूपुर गुरुग्राम (हरियाणा) घायल हो गए। जिनका उपचार गरोठ अस्पताल में जारी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के प्रसिद्ध खजराना मंदिर की बड़ी पहल, 20 लाख भक्तों की सुरक्षा के लिए किया 20 करोड़ का इंश्योरेंस
घायल विजेंदर ने बताया कि चारों दोस्त गुरुग्राम से बांसवाड़ा के पास पर्यटक स्थल चाचाकोटा जा रहे थे। गरोठ के पास एक ट्रक एक्सप्रेस वे पर चढ़कर आया था। उस समय वर्षा हो रही थी, जिसके कारण दृश्यता काफी कम थी। इसके अलावा आगे चल रहे ट्रक के पीछे की लाइट भी बंद थी। मौसम की खराबी और ट्रक के पिछला हिस्सा नहीं दिखने के कारण कार तेज गति से ट्रक के पीछे घुस गई।