
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। गरोठ तहसील के ग्राम में सात वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने तीन अलग-अलग कहानियां सुनाईं और अन्य लोगों के भी इसमें शामिल होने की बात कही। पुलिसकर्मी रात भर सभी को लाकर तस्दीक करते रहे। पर जब सभी कहानियां झूठी निकलीं तो आरोपित ने दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या करने व बाद में सिर पर पत्थर मारने की बात कबूली।
बुधवार को गरोठ में पुलिस ने उसका जुलूस निकाला और कोर्ट में पेश किया। वहीं अब इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा, जिससे आरोपित को जल्द से जल्द सजा मिलेगी।
गरोठ तहसील के एक ग्राम में सात वर्षीय मासूम के माता-पिता जिस खेत में हाली का कार्य करते थे, उससे कुछ ही दूरी पर स्थित खेत में आरोपित 45 वर्षीय जितेंद्र मेहर निवासी पिड़ावा जिला झालावाड़ (राज.) भी काम करता था। दिवाली के दूसरे दिन सोमवार को उसने काफी शराब पी रखी थी। इसी दौरान नए कपड़े पहनकर सात वर्षीय मासूम उधर से निकली तो आरोपित जितेंद्र ने उसे संतरे देने के लिए खेत में बुलाया।
फिर मासूम के साथ दुष्कर्म किया और बालिका को बरगलाने के लिए संतरे भी दिए। पर वह रोती रही तो उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में सिर पर पत्थर भी मारे और शव को बरगद के खोखले तने के यहां छुपा दिया। इसके बाद वह भी ग्रामीणों के साथ बालिका को खोजने का नाटक करता रहा।
बगीचे की तरफ जाते दिखी थी बालिका, भागते समय चोटिल हुआ आरोपित
पुलिस ने गांव में पूछताछ की तो आखिरी बार बालिका को संतरे के बगीचे की तरफ ही जाते हुए देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने जितेंद्र मेहर को पकड़ा। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा और कई कहानियां सुना दीं। पर जब तस्दीक की गई तो सभी बातें झूठी ही मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से पहले वह पुलिस से बचने के लिए भागने लगा तो उसके पैर में चोट भी लगी। बुधवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस वाहन खराब होने से उसे थाने से न्यायालय तक पैदल ही ले जाया गया।
पुलिस ने जब आरोपित जितेंद्र मेहर को पकड़ा तो उसने तीन अलग-अलग कहानियां सुनाईं। सबसे पहले आरोपित ने कहा कि मेरे यहां से तो बालिका संतरे लेकर उसी दिन दोपहर में ही चली गई थी और उसके बाद मैं भी सो गया था, पर पुलिस ने तस्दीक की तो यह बात झूठी निकली। दूसरी कहानी में आरोपित ने कहा कि दुष्कर्म में मेरे साथ दूसरा आरोपित भी था और हत्या उसी ने की है। पुलिस ने उसका नाम भी पूछा और पूछताछ भी की, पर दूसरे का भी कोई हाथ नहीं निकला। तीसरी कहानी में आरोपित ने गांव के ही कुछ लोगों के नाम भी लिए और कहा कि यह सभी भी मौजूद थे और बालिका से सामूहिक दुष्कर्म किया है। पर चिकित्सक ने भी जांच के बाद गैंगरेप की पुष्टि नहीं की। इधर गांव में लोगों को बुलाकर भी पूछताछ की गई।
इसके बाद आरोपित ने कबूला कि मैं ही अकेला था। पुलिस अधिकारियों के सामने दिए बयान में आरोपित जितेंद्र मेहर ने कहा कि मेरे खेत से दो-तीन खेत छोड़कर ही बालिका का परिवार भी रहता था और बालिका के पिता वहां हाली का काम करते हैं। दीवाली के दिन बालिका नए कपड़े पहनकर घूम रही थी तो उसे संतरे देने का लालच देकर मैंने बुला लिया और उसे संतरे खिलाकर बहलाता रहा। बाद में दुष्कर्म किया और किसी को कह देने की शंका में उसका गला घोंटकर मार दिया। बाद में पत्थर से सिर पर भी मारा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में नशे के कारोबार पर क्राइम ब्रांच का एक्शन, लाखों के गांजे और एमडी ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार
सात वर्षीय मासूम 9 नवंबर को दोपहर लगभग 2 बजे से ही गायब थी। स्वजन ने उसकी काफी तलाश भी की थी, पर नहीं मिली। मंगलवार को बालिका का शव गांव में ही कुएं के पास बरगद के पेड़ के नीचे मिला। जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या का मामला निकला। फिर पत्थर से उसका सिर कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में गांव के ही आरोपित जितेंद्र मेहर को पकड़ा था। बालिका की हत्या और आरोपित को फांसी की सजा, घर पर बुलडोजर चलाने व उन्हें सौंपने की मांग को लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गए थे। गरोठ अस्पताल चौराहे पर पहुंचकर चार-पांच घंटे तक जाम लगाकर रखा। शाम को आश्वासन के बाद सभी हटे।
आरोपित जितेंद्र मेहर ने पूछताछ में काफी गुमराह करने की कोशिश की। हमारे अधिकारियों ने हर बात की तस्दीक भी की। आखिर में जितेंद्र मेहर ने ही दुष्कर्म व हत्या करने की बात कबूली। चिकित्सकीय जांच में भी एक ही व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म करने व गला घोंटकर हत्या करने की बात आई है। अब हम सारे सबूत एकत्र कर रहे हैं और इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द से जल्द आरोपित को सजा दिलाएंगे। विनोद कुमार मीना, एसपी।