
भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर। MP Weather Update: मध्य प्रदेश में भारी बारिश के कारण अनेक जिलों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। इससे सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है। जोरदार बारिश से जहां नदियों के साथ बांधों का जल स्तर बढ़ गया है, वहीं निचले इलाकों में भी पानी भरने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। आगामी दिनों में मप्र में अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। ग्वालियर और चंबल अंचल में अलर्ट जारी किया गया है।
मप्र में अभी सामान्य से दो प्रतिशत कम बारिश
मौसम विभाग ने आज जबलपुर, शहडोल, रीवा, सागर,ग्वालियर, चंबल संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। मध्य प्रदेश में अभी भी सामान्य से दो प्रतिशत कम बारिश हुई है। कल पूर्वी मध्य प्रदेश के कई शहरों में भारी बारिश के कारण दमोह, सिवनी, मंडला, सागर जिले में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई।

इंदौर में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार
इंदौर में आज सुबह से बादल छाए हैं। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो रही है। मंगलवार को शहर में सुबह से बादल और सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक विजयनगर व एयरपोर्ट क्षेत्र में तेज बौछारें पड़ी। विजयनगर क्षेत्र में वर्षा की फुहारों के कारण दृश्यता काफी गिर गई। एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर रात 8.30 बजे तक 7 मिमी बारिश दर्ज हुई। वही रीगल क्षेत्र में 3.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री 27 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.6 डिग्री दर्ज किया गया।

तापमान में आएगी गिरावट
मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक झारखंड के चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक एक द्रोणिका राजस्थान व ग्वालियर होते हुए चक्रवाती परिसंचरण से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके अलावा राजस्थान चक्रवाती हवा का घेरा 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर व उत्तर प्रदेश पर भी एक चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है। इसके असर से बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तापमान में हल्की गिरावट बनी रहेगी।
भोपाल में हवाई यातायात पर असर
भोपाल में मौसम की खराबी के कारण मंगलवार को हवाई यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली, मुंबई एवं बेंगलुरू उड़ानें देर से पहुंचीं। यात्रियों को परेशान होना पड़ा। इंडिगो की दिल्ली उड़ान संख्या 6-ई 2172 निर्धारित समय शाम 4.30 बजे के बजाय शाम 6.15 बजे पहुंची। रात की दिल्ली उड़ान संख्या 6-ई 5017 करीब 20 मिनट देर से आई। मुंबई इवनिंग उड़ान संख्या 6-ई 397 करीब एक घंटे की देरी से रात्रि 10.15 बजे पहुंची।

बेंगलुरू उड़ान भी 40 मिनट लेट
इवनिंग बेंगलुरू उड़ान भी 40 मिनट लेट हुई। एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान संख्या एआई 433 निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से पहुंची। मुंबई उड़ान संख्या एआई 633 भी 40 मिनट की देरी से पहुंची। माइक्रोसाफ्ट के सर्वर में खराबी के साथ मौसम की खराबी के कारण उड़ानें लेट हो रही हैं। यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
ग्वालियर से निकल रही ट्रफ लाइन, तेज वर्षा से छंटेगी उमस भरी गर्मी
आसपास के राज्यों में बने हवाओं के चक्रवात के चलते ट्रफ लाइन ग्वालियर से होकर गुजर रही है। जिसके चलते अगले 24 घंटे में तेज बारिश के आसार बने हुए हैं। रात में भी बारिश हो सकती है। जिससे कुछ दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी छंटेगी। मंगलवार को सुबह से शुरू हुई बूंदाबांदी ने दिन के तापमान में 5.4 डिग्री कमी ला दी। इसी तरह से रात का पारा भी1.9 डिग्री कम हो गया। जिससे दिन में उमस भरी गर्मी में थोड़ी कमी नजर आई।

सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव का कहना है कि दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसमान में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं का चक्रवात बना हुआ है। इसी तरह से राजस्थान और झारखंड में भी इसी तरह से चक्रवात बना। जिसके कारण जो ट्रफ लाइन गुना से होकर गुजर रही थी वह मंगलवार को ग्वालियर के ऊपर आ गई। इसके कारण सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी।
चक्रवात छत्तीसगढ़ से आगे महाराष्ट्र की ओर बढ़ा
अगले 24 घंटे में बारिश 100 एमएम से कहीं अधिक हो सकती है। इधर बंगाल की खाड़ी से आ रहा हवाओं का चक्रवात छत्तीसगढ़ से आगे महाराष्ट्र की ओर बढ़ गया है। जिससे तेज बारिश के आसार बने रहेंगे, लेकिन दो दिन बाद मध्यम बारिश होगी फिर बूंदाबांदी होगी।

मौसम वैज्ञानिक के अनुसार इस वक्त ग्वालियर-चंबल अंचल में दक्षिण और पश्चिमी हवाएं अपने साथ नमी लेकर आ रही है। जिसके कारण ट्रफ लाइन ग्वालियर पर आ चुकी है जिससे ग्वालियर,शिवपुरी,दतिया,भिंड,मुरैना आदि क्षेत्रों में गरज - चमक के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। यह स्थिति अगले दो दिन रहेगी जिसके बाद बूंदाबांदी होगी।वातावरण में परिवर्तन होगा तो दिन में धूप खिलना शुरू हो जाएगी, जिससे फिर एक बार उमस भरी गर्मी के आसार बन सकते हैं।
जबलपुर में नौ इंच बारिश
जबलपुर में पिछले 48 घंटे के दौरान करीब नौ इंच बारिश दर्ज की गई। सोमवार से जारी बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी है। शहर में कहीं मध्यम तो कभी तेज बारिश का दौर चल रहा है। दिन का अधिकतम तापमान भी 32 डिग्री सेल्सियस से 26.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़त के साथ 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।

27 जुलाई तक ऐसे ही रहेगा मौसम
हवा का रुख पश्चिमी रहा बावजूद इसके वातावरण में हल्की ठंडक घुली रही। मौसम विभाग के अनुसार 27 जुलाई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। हालांकि बुधवार से अनवरत बारिश का क्रम टूट सकता है। संभाग के कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, छिंदवाड़ा सहित अन्य जिलों में आगामी तीन-चार दिनों तक इसी तरह बारिश के आसार हैं।

शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या
जबलपुर रात में हुई जोरदार बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। शहर के धनवंतरी, नगर, निव निवेश कालोनी, गढ़ा, गंगासागर, मदनमहल, घमापुर, जगदंबा काॅलोनी सहित अनेक स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों के घरों में सामान भी गीला हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश की संभावना है।

पूर्वी मध्यप्रदेश में भी निम्न दाब का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ पूर्वी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ पर सक्रिय निम्न दबाव के केंद्र से बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है। पूर्वी मध्यप्रदेश में भी निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसी तरह अन्य मौसम प्रणालियां भी मजबूती के साथ सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से आगामी दिनों में अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
आज यहां हो सकती है बारिश
पूर्वी मध्य प्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने के बाद झारखंड चला गया है। इस वजह से अब मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
अजय शुक्ला, मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी