
नईदुनिया न्यूज, पिपलियामंडी (मंदसौर) : शुक्रवार शाम को पिपलियामंडी-मनासा मार्ग पर ग्राम सौम्या के पास दो बाइकों में आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला घायल है। मृतकों में दो सगे भाई भी है। घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है।
नारायणगढ़ थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार ने बताया कि शुक्रवार शाम को एक बाइक पर सवार दो भाई 23 वर्षीय जितेंद्र पुत्र राजमल बावरी व 25 वर्षीय बबलू दोनों निवासी सावन जिला नीमच नारायणगढ़ तरफ से सावन जा रहे थे। दूसरी बाइक से 35 वर्षीय पुष्कर पुत्र बाबूलाल नाथ निवासी पिपलिया रावजी जिला नीमच अपनी पत्नी 32 वर्षीय रेखा के साथ मनासा से नारायणगढ़ तरफ आ रहे थे।
शाम लगभग 4:30 बजे पिपलियामंडी मनासा मार्ग पर ग्राम सौम्या के पास निर्माणाधीन दुकानों के सामने दोनों बाइक में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
सावन निवासी दोनों भाई जितेंद्र व बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार पुष्कर निवासी पिपलिया रावजी की भी मौके पर ही मौत हो गई। रेखा को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। उसके सिर में भी गंभीर चोट बताई जा रही है।
पिपलियामंडी। महू-नीमच राजमार्ग पर बही पार्श्वनाथ फंटे के पास शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे दो कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कथावाचक 48 वर्षीय गोपालकृष्ण तिवारी निवासी बही पार्श्वनाथ घायल हो गए। बताया गया कि शास्त्री गोपाल कृष्ण तिवारी स्वयं कार चला रहे थे।
वे बही पार्श्वनाथ की तरफ से राजमार्ग पर आने के लिए मुड़े ही थे कि मंदसौर तरफ से आ रहे कार चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों वाहनों में नुकसान हुआ। शास्त्री घायल हो गए। टोल एंबुलेंस लेकर विशाल गिरीश भाटी एवं पायलट गोविंद राठौर मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल मंदसौर भेजा, वहां उनका उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें- मिर्जापुर हाईवे पर ट्रक में घुसी कार, बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर लौट रहे रीवा के दोस्तों की मौत