
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। काशी विश्वनाथ का दर्शन कर लौट रहे रीवा के दो युवकों की उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसा 1 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे मिर्जापुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
मृतकों की पहचान चोरहटा थाना क्षेत्र के किटवरिया निवासी अखिल तिवारी (26) और साहिल मंसूरी (25)के रूप में हुई है। चारों युवक मंगलवार रात अपनी ब्रेजा कार से वाराणसी दर्शन के लिए गए थे। बाबा के दर्शन-पूजन के बाद वे वापस रीवा लौट रहे थे।
उनकी कार मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के कपसौर गांव के सामने पहुंची, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
इस हादसे में कार चला रहे अखिल तिवारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बगल की सीट पर बैठे साहिल मंसूरी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे तत्काल नजदीकी सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
कार की पिछली सीट पर बैठे दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रीवा में परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिजन तत्काल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं। पड़री थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और झपकी आना हादसे की वजह लग रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ब्रिटिश फोर्ट फाउंडेशन स्कूल की वैन को कार ने मारी टक्कर, आठ बच्चे घायल