
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर : शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में गुरुवार सुबह एक नवजात शिशु को जन्म के तुरंत बाद ही कचरे के ढेर में फेंक दिया गया। इसके बाद पहले शामगढ़ अस्पताल और फिर जिला अस्पताल में चली जिंदगी की जंग में उसकी मौत हो गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से शामगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देवरी में गुरुवार सुबह लगभग आठ बजे ग्रामीणों ने नवजात शिशु को कचरे के ढेर में देखा। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। शामगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिशु को तत्काल शामगढ़ अस्पताल लेकर आए।
शामगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस में एक चिकित्सक की देखरेख एवं शामगढ़ थाने के स्टाफ के साथ नवजात शिशु को जिला अस्पताल में एसएनसीयू में रेफर किया, पर मंदसौर पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अब नवजात शिशु को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों की माने तो शामगढ़ अस्पताल में दोनों बीएमओ के चक्कर में ढाई घंटे तक नवजात शिशु को सीपीआर नहीं मिल सका और आकस्मिक उपचार भी नहीं मिल पाया। व्यवस्था नहीं मिलने और जिला अस्पताल में के लिए समय पर रेफर नहीं कर पाने से मंदसौर पहुंचने से पहले ही नवजात शिशु ने दम तोड़ दिया।
देवरी में एक नवजात शिशु को फेंकने की सूचना मिली थी शामगढ़ अस्पताल में हम पहुंचे उसकी स्थिति देखकर मंदसौर जिला अस्पताल भेजा। शामगढ़ थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। - रीना झिझोरिया, सीडीओपी, महिला एवं बाल विकास विभाग, गरोठ
यह भी पढ़ें- गुना में ढाई घंटे देरी से पहुंची 108 एंबुलेंस, भोपाल रैफर की गई गर्भवती की हालत गंभीर; नवजात की मौत