
नईदुनिया न्यूज, गरोठ (मंदसौर) : उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर ग्राम बरडिया अमरा के पास एक तेज रफ्तार और लापरवाह से चलाते हुए जीप चालक ने मोटर साइकल सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पति गंभीर घायल है।
गरोठ थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार को राजेंद्र खाती निवासी कृषि उपज मंडी के पास गरोठ अपनी पत्नी श्वेता कुमारी के साथ मोटरसाइकल से शामगढ़ से गरोठ आ रहे थे। इसी दौरान गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर ग्राम बरडिया उमरा के पास पीछे से तेज गति से आ रही जीप (एमएच 01 डीबी 9097) के चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आस-पास के लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत गरोठ के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद श्वेता कुमारी को मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र खाती को गंभीर चोट लगने पर प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। थाने पर स्वजन की रिपोर्ट पर लापरवाह जीप चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है।
मंदसौर। शहर में आवारा आतंक बन चुके श्वान लगातार हमले कर रहे हैं। सोमवार को दवा बाजार क्षेत्र में श्वानों के हमले से एक बछड़े की मौत हो गई। श्वानों का आतंक शहर के लगभग सभी क्षेत्रों में हैं, इसके बावजूद नगर पालिका कार्रवाई नहीं कर रही हैं।
कुछ दिन पहले श्वानों के हमले से शामगढ़ में दो बच्चे घायल हो गए थे। सोमवार को दवा बाजार क्षेत्र में घुम रहे गाय के बछड़े पर आवारा श्वानो ने घेर लिया, हमला इस तरह किया गया की बछड़े की मौत हो गई। क्षेत्र के नागरिकों ने इस घटना पर आक्रोश जताया हैं, उनका कहना हैं की क्षेत्र में लंबे समय से श्वानों के झुंड घुम रहे हैं, कई बार शिकायत के बाद भी श्वानों को पकड़ा नहीं जा रहा है। इसी कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।