
नईदुनिया प्रतिनिधि, शामगढ़। कोटा और रतलाम के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया ने 10 नवंबर को दीपावली के अवसर पर इसकी जानकारी साझा की। ट्रेन कोटा से रवाना होकर रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, सुवासरा, चौमहला, विक्रमगढ़ आलोट, नागदा और खाचरोद होते हुए रतलाम पहुंचेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का पत्र सांसद फिरोजिया और रेलवे को मिला है। हालांकि, रेलवे की ओर से आधिकारिक समय-सारणी और संचालन शुरू होने की तारीख की घोषणा अभी बाकी है।
सांसद फिरोजिया ने बताया कि 9 नवंबर को रेल मंत्री वैष्णव ने पत्र लिखकर मंजूरी की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 23 नवंबर के बाद वे स्वयं नई मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुरू करेंगे। कोटा-रतलाम के बीच मेमू ट्रेन की मांग राजस्थान और मध्यप्रदेश के दैनिक यात्रियों तथा आमजन की ओर से लंबे समय से की जा रही थी। इसके शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और आगामी सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा।
यह भी पढ़ें- ट्रेन यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, आधी बर्थ के झंझट से मिलेगा छुटकारा, खत्म हो सकती है RAC सुविधा
अप-डाउन संघ के संभागीय अध्यक्ष पंकज सोनी ने कहा कि संघ का प्रयास सफल हुआ है। ट्रेन शुरू होने से व्यापारियों को कोटा से रतलाम के बीच सीधी रेल सुविधा मिलेगी। रेल उपयोगकर्ता समिति के नारायणभाई गुजराती ने कहा कि ट्रेन से आमजन और गरीब-मध्यम वर्ग के यात्रियों को लाभ होगा।