
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे अपने करोड़ों मुसाफिरों के सफर को अधिक आरामदायक बनाने के लिए एक बड़े बदलाव की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रेलवे लंबे समय से चली आ रही आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसलेशन) व्यवस्था को समाप्त करने पर गंभीरता से मंथन कर रहा है।
सामान्यतः ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ने पर रेलवे द्वारा आरएसी टिकट जारी किए जाते हैं। इस व्यवस्था में एक ही बर्थ दो यात्रियों को आवंटित कर दी जाती है, जिससे दोनों को आधी-आधी सीट साझा कर सफर करना पड़ता है। लंबी दूरी की यात्राओं में आधी सीट पर बैठकर या सिमटकर सोना यात्रियों के लिए बेहद थका देने वाला और असुविधाजनक साबित होता है।
'टाइम्स ऑफ इंडिया' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दशकों पुराने इस नियम की समीक्षा की जा रही है। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी का मानना है कि जब यात्री को सोने के लिए पूरी बर्थ उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, तो उससे टिकट का पूरा शुल्क वसूलना उचित नहीं है। इसी सोच के तहत इस नियम में बदलाव की संभावना तलाशी जा रही है।
आरएसी टिकट की सबसे बड़ी व्यावहारिक समस्या तब सामने आती है, जब एक ही बर्थ किसी पुरुष और महिला यात्री के नाम पर बुक हो जाती है। ऐसी स्थिति में दोनों यात्रियों को असहजता का सामना करना पड़ता है, वहीं चलती ट्रेन में टीटीई के लिए भी ऑप्शनल सीट की व्यवस्था करना किसी चुनौती से कम नहीं होता।
वर्तमान में जब किसी ट्रेन की सभी सीटें फुल हो जाती हैं, तो अधिक से अधिक लोगों को सफर का मौका देने के लिए रेलवे आरएसी का विकल्प खोलता है। खासतौर पर दीवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान, जब ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती, तब यह व्यवस्था उन मुसाफिरों के लिए बड़ा सहारा बनती है जिनका जाना बेहद जरूरी होता है।
यह भी पढ़ें- Train Cancellation Refund Rules: ट्रेन कैंसिल होने पर कैसे मिलेगा टिकट का रिफंड? जानें ऑनलाइन और काउंटर टिकट के नियम
आरक्षित कोच में बिना वैध टिकट के सफर करना दंडनीय है, इसलिए आरएसी को एक मध्यमार्ग के रूप में अपनाया गया था। लेकिन अब बदलते समय और यात्रियों की अपेक्षाओं को देखते हुए रेलवे इस पुराने ढांचे को नए सिरे से ढालने पर विचार कर रहा है, ताकि भविष्य में हर यात्री को सम्मानजनक और सुविधाजनक सफर मिल सके।