
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। उपज के लाभकारी दामों के मांग कर रहे किसानों की मांग पूरी होने की बजाय परेशानियां ही बढ़ रही हैं। अब प्याज के दामों ने किसानों की परेशानियां बढ़ाई हैं। मंडी में प्याज के दाम एक रुपये प्रति किलो तक रह गए हैं, इतने कम दामों से किसानों को मुनाफा तो दूर भांडा तक निकालना मुश्किल हो रहा हैं। इतने कम दामों से किसान नाराज हैं।
किसानों का कहना हैं लागत निकल सके और लाभ मिल सके इतने दाम तो उपज के होना ही चाहिये, प्याज के इतने कम दाम हैं, इसमें परेशानियों के अलावा कुछ भी नहीं मिल रहा हैं। दाम कम होने से आवक भी कम होती जा रही हैं, जबकि मंडी सचिव कह रहे हैं की आवक बढ़ रही हैं।
मंडी में प्याज की आवक से खुला परिसर इन दिनों लाल हो रहा हैं। लेकिन दामों में लगातार गिरावट से प्याज के दाम किसानों के आंसू निकाल रहे हैं। गुरूवार को भी पूरा परिसर प्याज की आवक से भर गया।
नीलामी शुरू हुई तो किसानों को प्याज के न्यूनतम दाम एक-दो रुपये किलो तक मिले। अधिकतम दाम भी 11 रुपये किलो ही रहे। कम दाम मिलने के कारण कारण कई किसानों की लागत तो दूर गांव से मंडी तक आने का भाड़ा भी नहीं निकल पाया। मंडी समिति के अनुसार गुरुवार को मंडी में प्याज की आवक 1675 कट्टे की रही।
किसानों को प्याज के दाम न्यूनतम 258 रुपये क्विटंल 1165 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिले, जबकि हकीकत यह हैं की कई किसानों को प्याज के भाव एक से दो रुपये किलो ही मिले हैं। सुबह से शाम तक इंतजार के बाद किसान औने-पौने दामों में प्याज बेचकर घर जा रहे हैं।
ग्राम मोरवनी के किसान बाबूलाल मेवाड़ा गुरुवार को मंडी में प्याज बेचने आए थे। उन्होंने चर्चा में बताया की गांव से 11 कट्टो में चार क्विंटल प्याज लेकर आया था। गांव से मंडी तक 11 कट्टे प्याज लाने का भाड़ा गाड़ी वाले को 730 रुपये दिया। सुबह से मंडी आया हुआ हूं यहां पर 200 रुपये खर्च हो गए। लेकिन मेरा प्याज बिका तो उसके दाम महज 430 रुपये मिले। यानी गाड़ी के भाड़े के भी 300 रुपये जेब से मिलाना हैं।
खेत में प्याज उगाए, जो लागत और मेहनत लगाई वह तो दूर-दूर तक दामों में नजर ही नहीं आ रही हैं। ऐसे में किसान अपना परिवार कैसे चलाएं। सुबह से शाम तक प्याज बेचने के लिये गर्मी में परेशान होने के बाद नुकसान झेलकर ही जाना पड़ रहा हैं।
पिकअप चालक लालू धनगर नागखजूरी ने बताया की मंडी में एक रुपये किलो प्याज भी मुश्किल में बिका हैं, मेरी गाड़ी में किसान बाबूलाल प्याज लेकर आए थे, 730 रुपये भाड़ा मुझे चाहिये और उन्हें प्याज के दाम 430 रुपये मिले हैं। अब बताओं किसान क्या करें। खेत में 10 हजार से अधिक का खर्च हो गया। भाव में सुधार होना चाहिये।
मंडी में प्याज की आवक बढ़ रही हैं। इसके कारण भी दाम कम मिल रहे हैं। हल्की क्वालिटी के प्याज के दाम कम मिल रहे हैं। गुरुवार को अच्छी क्वालिटी के प्याज के दाम 1165 रुपये प्रति क्विंटल तक किसानों को मिले हैं। - लक्ष्मणसिंह ठाकुर, सचिव, कृषि उपज मंडी मंदसौर