
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मंदसौर शहर में भी पहली बार धनतेरस पर श्री लक्ष्मी मंदिर पर लगभग 4.50 करोड़ रुपये के नोटों से श्रृंगार व सजावट की गई है। साथ ही लगभग 100 किलो चांदी व दो किलो सोने के जेवर व बिस्किट भी भक्त लेकर आए। अभी तक रतलाम के माणक चौक स्थित प्राचीन लक्ष्मी मंदिर पर ही सजावट होती थी पर इस बार भगवान विष्णु की प्रिय महालक्ष्मी का नोटों से श्रृंगार मंदसौर जिला मुख्यालय पर दो-दो मंदिरों में किया गया है। जिनके दर्शन श्रद्धालु 11 नवंबर तक कर सकेंगे।
नरसिंहपुरा स्थित अग्रवाल समाज के श्री नरसिंह मंदिर में विराजित महालक्ष्मी व दूसरा श्रृंगार दर्शन कोर्ट परिसर स्थित श्री न्यायपति तोपवाले बालाजी मंदिर प्रांगण में नव प्रतिष्ठित लक्ष्मी मंदिर में किया गया है।धनतेरस को लगभग 4.50 करोड़ रुपये मूल्य के नोटों से विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भी सजाया गया है। महालक्ष्मी का मंदिर परिसर नोट से व प्रतिमा का श्रृंगार जेवर से किया गया है। सुबह से शाम तक भक्त दर्शन करने पहुंचते रहे। दिन भर विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।
अग्रवाल समाज देसी पंचायत के श्री लक्ष्मी नरसिंह मंदिर नरसिंहपुरा के श्रृंगार हेतु अग्रवाल समाज के लोगों ने लगभग 4 करोड़ से अधिक के नोट व 100 किलो चांदी व 2 किलो सोने के गहने दिए हैं। वहीं न्यायपति तोपवाले बालाजी मंदिर स्थित लक्ष्मी मंदिर पर मुद्रा श्रृंगार स्थानीय मंदिर समिति व आम भक्तों के सहयोग से किया गया है यहां श्रृंगार हेतु लगभग 50 लाख रुपये से अधिक के नोट हुए हैं। बाक्स500 वर्ष प्राचीन है नृसिंह मंदिर में हुई विशेष सजावट शहर में प्रतिष्ठित अति प्राचीन मंदिरों में से एक नरसिंहपुरा का श्री लक्ष्मी नरसिंह मंदिर है।
यह भी पढ़ें- Mahalaxmi Festival: महाराष्ट्रीयन परिवारों के घर-घर में होगा महालक्ष्मी का आगमन, धन और सौभाग्य की होगी प्राप्ति
प्रतिमा की भाव भंगिमा ही इतनी अलौकिक है कि इसे देखने के बाद बरबस ही भक्तों की नजरें इस पर टिकी रह जाती हैं। मंदिर लगभग 500 साल से अधिक प्राचीन है। अग्रवाल समाज देशी पंचायत अध्यक्ष संजय कल्याणमल मित्तल ने बताया कि धनतेरस पर शुक्रवार को प्रसिद्ध भागवताचार्य डा. देवेंद्र शास्त्री धारियाखेड़ी के सानिध्य में सुबह श्री महालक्ष्मी सहस्रार्चन अभिषेक, 108 कनकधारा स्रोत के पाठ सौभाग्य श्रृंगार विशेष दर्शन का आयोजन हुआ। शाम को करोड़ों रुपये एवं सोने-चांदी के जेवरात से श्रृंगारित महालक्ष्मीजी के दरबार के दर्शन खोले गए।
रात 8 बजे आतिशबाजी और ढोल धमाकों के साथ महाआरती हुई। श्रृंगार 10 नवंबर तक रहेगा। बाक्सधनतेरस से 6 दिन तक होंगे दर्शनश्री न्यायपति तोपवाले बालाजी मंदिर पर माता महालक्ष्मी और धनाध्यक्ष यक्षराज कुबेरजी के विशेष मुद्रा दर्शन धनतेरस पर सुबह से प्रारंभ हो गए हैं। अब यह 11 नवंबर तक होंगे। यहां लगभग 50 लाख रुपये के नोट से श्रृंगार किया गया। इसी तरह धनतेरस पर दिन भर पेड़े का प्रसाद वितरित किया गया। शाम को श्री महालक्ष्मी और कुबेर देवता की महाआरती भी होगी।