
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता को तीसरी बार संसद रत्न अवार्ड मिलने जा रहा है। पुरस्कार 17 फरवरी को नई दिल्ली में मिलेगा। रविवार को दिल्ली में प्राइम पाइंट फाउंडेशन ने इन पुरस्कारों की घोषणा की। ज्ञात रहे संस्था द्वारा पूरे देश के सांसदों को लोकसभा कार्यकाल में निरंतरता और प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग श्रेणी में किए गए कार्यों पर यह पुरस्कार प्रदान करती है।
इस पुरस्कार की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के निर्देश पर की गई थी। उन्होंने 2010 में चेन्नई में सबसे पहले पुरस्कार समारोह का उद्घाटन भी किया था। यह पुरस्कार व्यापक प्रदर्शन पर आधारित है। इसमें नामांकित सांसदों का चयन कानून और संसदीय मामलों के राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएस कृष्णमूर्ति की अध्यक्षता वाली एक प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया जाता है। पुरस्कार भारत में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले सांसदों को सम्मानित करने के लिए नागरिक समाज द्वारा दिया जाने वाला एकमात्र पुरस्कार है।
संसदीय समितियों के महत्व को ध्यान में रखते हुए वर्तमान 17 वीं लोकसभा से शुरू होने वाले संसद महारत्न पुरस्कारों के लिए तीन स्थायी समितियों का भी चयन किया गया है। इसमें कृषि, वित्त और परिवहन एवं पर्यटन समिति करती है। 17वीं लोकसभा के कार्यकाल के अनुरूप आंकड़ों पर भरोसा करते हुए बैठकों और उनके द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों के आधार पर लगातार योगदान के लिए नामांकित किया गया है। इसमें भाजपा के सुधीर गुप्ता, राकांपा के अमोल रामसिंह कोल्हे और कांग्रेस के कुलदीप राय शर्मा को 17 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में एक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।